इस देश में तीसरे बच्चे के जन्म पर 6 लाख जुर्माना, सरकार के खिलाफ लोगों में भारी नाराजगी
चीन में तीसरा बच्चा पैदा होने पर एक दंपती पर छह लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना थोप दिया गया है। इससे लोगों में भारी गुस्सा है।
बीजिंग, एपी/आइएएनएस। चीन में तीसरा बच्चा पैदा होने पर एक दंपती पर छह लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना थोप दिया गया है। इससे लोगों में भारी गुस्सा है। यह मामला ऐसे समय पर सामने आया है जब चीन की जन्मदर में गिरावट और बुजुर्गो की बढ़ती आबादी को लेकर नेता चिंतित हैं। वे चाहते हैं कि चीनी जोड़ों को ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। लेकिन देश के नौकरशाह इसके विरोध में हैं।
चीनी दंपती ने किया विरोध
भारी जुर्माने के कारण चर्चा के केंद्र में आए वांग दंपती ने कहा, 'हम ऐसे किसी दूसरे देश को नहीं जानते जो अपने लोगों पर इस तरह जुर्माना लगाता है।' चीन के शेनदोंग प्रांत के अधिकारियों ने जनवरी, 2017 में तीसरे बच्चे के जन्म पर इस दंपती को सामाजिक क्षतिपूर्ति शुल्क के नाम पर 64 हजार 626 युआन (करीब छह लाख 82 हजार रुपये) का भुगतान करने का आदेश दिया था। दंपती जब शुल्क का भुगतान नहीं कर पाया तो उनके बैंक खाते में जमा 22 हजार 959 युआन जब्त कर लिए गए। शेष रकम अभी बकाया है।
'स्थानीय सरकारों की सिर्फ शुल्क वसूली पर नजर'
स्तंभकार लियानपेंग ने चीन की विबो माइक्रोब्लागिंग सर्विस पर लिखा, 'देश सब कुछ कर रहा है ताकि जन्मदर को प्रोत्साहित किया जा सके, लेकिन स्थानीय सरकारें सिर्फ धन चाहती हैं।' महिला पत्रकार जिन वी ने विबो पर लिखा, 'निम्न जन्मदर से हर कोई चिंतित है। इसके बावजूद स्थानीय सरकारों की नजर सिर्फ शुल्क वसूली पर है।'
सख्त थी 'एक संतान' नीति
चीन में बीती सदी के आठवें दशक में 'एक संतान' नीति के साथ ही परिवार नियोजन के सख्त नियम लागू किए गए थे। इसके उल्लंघन पर जबरन गर्भपात से लेकर जुर्माने और नौकरी में डिमोशन तक कर दिया जाता था।
2016 में बदली नीति
'एक संतान' नीति के करीब 35 साल गुजरने के बाद नेताओं को यह एहसास हुआ कि बुजुर्गो की बढ़ती आबादी और श्रमशक्ति में गिरावट देश के विकास में आड़े आ सकती है। इसी के मद्देनजर 2016 में दंपती को दो बच्चे पैदा करने की इजाजत दी गई। जोड़ों से यह आग्रह भी किया गया है कि वे इससे ज्यादा भी बच्चों को जन्म दे सकते हैं। लेकिन स्थानीय स्तर पर नई नीति प्रभावी नहीं हो पा रही है।
चीन की आबादी के ताजा आंकड़े
-राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो की गत माह आई रिपोर्ट के अनुसार, 2018 में जन्मदर में 1.5 करोड़ की गिरावट आई
-चीन की कुल आबादी 1.39 अरब है
-वृद्धि दर .381 फीसद है, जो 1961 के बाद निम्न स्तर पर है
-2029 तक आबादी 1.44 अरब हो जाएगी और फिर गिरावट शुरू होने का अनुमान है
2030 तक 30 फीसद होंगे बुजुर्ग
चाइनीज अकादमी ऑफ सोशल साइंसेज के शोधकर्ता वांग गुआंगझोउ का कहना है कि 2030 तक चीन की आबादी में 65 साल से ज्यादा उम्र वाले लोग करीब 30 फीसद हो जाएंगे।