Move to Jagran APP

दुनियाभर में दो लाख के पार पहुंचा मृतकों का आंकड़ा, यूरोप में एक लाख बीस हजार से ज्यादा मौतें

दुनिया भर में कोरोना महामारी अब तक 28 लाख 90 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित भी हुए हैं जबकि मरने वालों की संख्या दो लाख को पार कर गई है। जानें दुनिया के बाकी मुल्‍कों का हाल...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sat, 25 Apr 2020 09:21 PM (IST)Updated: Sun, 26 Apr 2020 01:50 AM (IST)
दुनियाभर में दो लाख के पार पहुंचा मृतकों का आंकड़ा, यूरोप में एक लाख बीस हजार से ज्यादा मौतें
दुनियाभर में दो लाख के पार पहुंचा मृतकों का आंकड़ा, यूरोप में एक लाख बीस हजार से ज्यादा मौतें

पेरिस, एजेंसियां। दुनिया भर में कोरोना महामारी से मरने वालों की संख्या दो लाख को पार कर गई है। इस महामारी से अब तक 28 लाख 90 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित भी हुए हैं। पूरी तरह से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी आठ लाख को पार कर गई है। संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित यूरोप महाद्वीप हुआ है और वहां अब तक एक लाख, बीस हजार से ज्यादा लोगों की मौतें हो चुकी हैं। जबकि संक्रमण के 13,44,172 मामले सामने आ चुके हैं। दो तिहाई मौतें जहां अकेले यूरोप में हुई हैं, वहीं एक चौथाई मौतें अमेरिका में हुई हैं। महाद्वीप के इटली, स्पेन, फ्रांस, ब्रिटेन, बेल्जियम और जर्मनी सर्वाधिक प्रभावित देशों में शामिल हैं। 

loksabha election banner

अमेरिका में 53 हजार से ज्‍यादा मौतें 

अमेरिका में इस महामारी से अब तक 53 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और नौ लाख 45 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं। अमेरिका के न्यूयॉर्क प्रांत में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। न्यूजर्सी प्रांत में ही करीब छह हजार लोगों की जान जा चुकी है। 

ब्रिटेन में मृतकों की संख्या 20 हजार के पार 

ब्रिटेन में पिछले चौबीस घंटों के दौरान 711 लोगों की मौत हुई है। इस तरह वहां महामारी से मरने वालों का आंकड़ा 20 हजार को पार कर गया है। 20 हजार से ज्यादा मृतकों वाला ब्रिटेन पांचवां देश बन गया है। इससे आगे अमेरिका, इटली, स्पेन और फ्रांस ही हैं।

इटली में 17 मार्च के बाद सबसे कम मौतें

इटली में कोरोना का कहर कम होने के संकेत मिले हैं। शनिवार को 415 लोगों की मौत हुई। 17 मार्च के बाद एक दिन में मरने वालों की यह सबसे कम संख्या है। अब तक इस यूरोपीय देश में कोरोना महामारी से 26,384 लोगों की जान जा चुकी है और 1,95,351 लोग संक्रमित हुए हैं।

स्पेन में कुल मृतकों की संख्या 22,524

स्पेन में पिछले चौबीस घंटे में 378 लोगों की मौत हुई। एक दिन पहले यह संख्या 367 थी। कुल मृतकों की संख्या 22,524 हो गई है। वहीं संक्रमित मरीजों की संख्या 219,764 से बढ़कर 223,759 हो गई है। 

रमजान को देखते हुए दुबई ने दी प्रतिबंधों में ढील

रमजान को देखते हुए दुबई में प्रतिबंधों में ढील दी गई है। अब कफ्र्यू रात 10 बजे से लेकर सुबह छह बजे तक रहेगा। वहीं मॉल 10 घंटे तक खुल सकेंगे। सुपरमार्केट, फूड आउटलेट, खाने-पीने के सामान की दुकानें और मेडिकल स्टोर पूरे 24 घंटे खुल सकेंगे। हालांकि मस्जिदों पर प्रतिबंध यथावत रहेंगे। यूएई की सरकार ने एक बयान में कहा कि प्रतिबंधों से सिनेमा हॉल को छूट नहीं दी गई। हालांकि होटल और रेस्तरां 30 फीसद कर्मचारियों के साथ कामकाज जारी रख सकेंगे। इतना ही नहीं दुबई में 26 अप्रैल से मेट्रो सहित सभी तरह की सार्वजनिक परिवहन सेवा भी शुरू हो जाएगी। यूएई में संक्रमण से जहां 56 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं 8,756 लोग संक्रमित हैं। 

चीन में संक्रमण के 12 नए मामले

चीन में संक्रमण के 12 नए मामलों का पता चला है। इनमें से 11 मरीज विदेश से आए थे। घरेलू संक्रमण का एक मामला रूस की सीमा से सटे हेलोनजियांग प्रांत का है। चीन में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 82,816 हो गई है। इनमें 838 लोगों का जहां इलाज चल रहा है, वहीं 77,436 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। 29 नए ऐसे मरीजों का भी पता चला है, जिनमें लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं, लेकिन वह वायरस संक्रमित हैं। 

रूस में संक्रमित मरीजों की संख्या 74,588 हुई 

रूस में पिछले चौबीस घंटे में संक्रमण के 5,966 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह वहां कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 74,588 हो गई है। 66 लोगों की मौत के साथ आंकड़ा 681 पहुंच गया है। वहीं बेलारूस में दिव्यांग बच्चों के अनाथाश्रम तक कोरोना का संक्रमण पहुंच गया है। लगभग 170 बच्चों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

जापान में 13 हजार संक्रम‍ित 

जापान में पिछले चौबीस घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 161 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमण के 103 मामले राजधानी टोक्यो से जुड़े हैं। इस तरह पूरे देश में संक्रमित मामलों की संख्या लगभग 13,000 हो गई है, वहीं 345 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। उधर, जापान के नागासाकी बंदरगाह में खड़े इटली के क्रूज के चालक दल के 57 और लोगों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। इस तरह कोस्ट अटलांटिका के चालक दल के 148 सदस्य संक्रमित हो चुके हैं। यह कुल चालक दल की संख्या 623 का एक चौथाई है। क्रूज में कोई यात्री नहीं है। 

ईरान में 76 और लोगों की मौत

ईरान में पिछले चौबीस घंटे में 76 लोगों की मौत हुई है। इस तरह वहां मृतकों की संख्या 5,650 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अभी तक संक्रमण के 89,328 मामले सामने आ चुके जिनमें 3,096 लोगों की हालत चिंताजनक है। मंत्रालय ने कहा कि मौत के मामलों में चरम बिंदु से 70 फीसद की कमी आई है। ईरान पश्चिम एशिया का एक अकेला देश है, जो इस महामारी से सर्वाधिक प्रभावित है। 

लेबनान ने बढ़ाया लॉकडाउन 

- इंडोनेशिया में 24 घंटे में 31 और मौतें हुई जबकि 396 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस तरह देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 8,607 जबकि मृतकों की कुल संख्या 720 हो गई है। 

- सिंगापुर में संक्रमण के 618 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से ज्यादातर दक्षिण एशियाई देशों से आए कामगार हैं। अब तक 12 लोगों की मौत हुई है और 12,693 संक्रमित हुए हैं। 

- अमेरिका में भारतीय मूल के अमरदीप सिंह पर पीपीई की जमाखोरी करके उसको ज्यादा दाम पर बेचने के आरोप में पहली बार रक्षा उत्पादन अधिनियम (डीपीए) के तहत मुकदमा चलेगा। 

- दक्षिण कोरिया में संक्रमण के 10 नए मामले सामने आए हैं। अब तक वहां 10,718 लोग संक्रमित हो चुके तथा 240 लोगों की मौत हो चुकी है। 

- ताजिकिस्तान ने स्कूल बंद करने के साथ ही देश में खाद्य आपूर्ति की कमी नहीं हो, इसलिए अनाज और दालों के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है। ताजिकिस्तान की सीमा चीन से लगती है।

- लेबनान ने लॉकडाउन को दो सप्ताह यानी 10 मई तक बढ़ा दिया है। 

- एक्वाडोर में संक्रमित मरीजों की संख्या 22,719 हो गई। 

देश मौतें संक्रमित 

अमेरिका 53,243-9,45,249

इटली 26,384-1,95,351

स्पेन 22,524-2,19,764

फ्रांस 22,614-1,61,448

ब्रिटेन 20,700-143,464

बेल्जियम 6,917-45,325 

ईरान 5,650-89,328

जर्मनी 5,788-155,054

चीन 4,632-82,816


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.