Move to Jagran APP

कोरोना से इटली में एक दिन में 651 की, 35 देशों में लॉकडाउन, दुनिया भर में 13,444 की गई जान

कोरोना वायरस की महामारी से पूरे विश्व में मरने वालों की संख्या 13444 हो गई है जबकि संक्रमित लोगों का आंकड़ा तीन लाख से ज्यादा हो गया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sun, 22 Mar 2020 09:47 PM (IST)Updated: Mon, 23 Mar 2020 06:55 AM (IST)
कोरोना से इटली में एक दिन में 651 की, 35 देशों में लॉकडाउन, दुनिया भर में 13,444 की गई जान
कोरोना से इटली में एक दिन में 651 की, 35 देशों में लॉकडाउन, दुनिया भर में 13,444 की गई जान

मैड्रिड/रोम, एजेंसियां। कोरोना वायरस की महामारी से पूरे विश्व में मरने वालों की संख्या 14,000 के करीब पहुंच गई है। वहीं संक्रमित लोगों का आंकड़ा तीन लाख को पार कर गया है। इटली में रविवार को 651 लोगों की मौत हुई और यह आंकड़ा 5, 476 पर पहुंच गया। वहीं स्पेन में मरने वालों की संख्या 1700 को पार कर गई है। अकेले यूरोप में डेढ़ लाख लोग संक्रमित हैं। इटली में इनकी संख्या 59,000 से ज्यादा है। ईरान में मरने वालों की संख्या 1,685 हो गई है जबकि संक्रमित मरीज 21,638 हो गए हैं। दक्षिणपूर्व एशियाई देशों में अभी तक 3,460 लोग संक्रमित हुए हैं और 36 की जान गई है। इनमें से आधी मौतें इंडोनेशिया में हुई हैं।

loksabha election banner

35 देशों में लॉकडाउन 

कोरोना वायरस के खौफ के चलते दुनियाभर के 35 देशों में लॉकडाउन घोषित कर दिया गया। इसके चलते रविवार को एक अरब से अधिक लोग अपने घरों में ही कैद रहे। वायरस की महामारी से बचने के लिए अधिकतर देश यात्रा प्रतिबंधों और सीमाओं को सील करने जैसे कई सख्त उपाय कर रहे हैं। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने तो यहां तक संकेत दे दिया है कि आगे और कठिन समय आने वाला है।

रूस ने इटली भेजे विशेषज्ञ 

कोरोना की मार से बेहाल इटली की मदद करने के लिए रूस ने अपने नौ सैन्य परिवहन विमानों में राहत की खेप  भेज रहा है। इनमें 'रूस की ओर से प्यार सहित' वायरस विशेषज्ञ डॉक्टर और विभिन्न उपकरण भेजे गए हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इन सैन्य परिवहन विमानों से आठ मेडिकल ब्रिगेड और सौ अन्य कर्मी भेजे जा रहे हैं। इनमें ऐसे सैन्य चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल हैं जिन्हें महामारी से लड़ने का महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव है। ये विशेषज्ञ पूर्व में इबोला, अफ्रीकन स्वाइन फीवर और एंथ्रेक्स जैसे वायरसों से निपट चुके हैं। साथ ही ट्रकों पर स्थापित ऐसी इकाइयां भी भेजी जा रही हैं जो वाहनों, इमारतों और सार्वजनिक स्थलों को विसंक्रमित करने में सक्षम हैं।  

इटली में कारखाने बंद 

महामारी से सर्वाधिक प्रभावित इटली के प्रधानमंत्री ग्यूसेप कांते ने शनिवार को अपने टीवी संबोधन में सभी गैरजरूरी कल-कारखानों को बंद करने की घोषणा की। बता दें कि इटली कोरोनावायरस से सर्वाधिक प्रभावित है। वहां अभी तक 4800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका के एक तिहाई हिस्से न्यूयॉर्क, शिकागो और लॉस एंजिलिस जैसे प्रांतों में भी लॉकडाउन है। अमेरिका के अन्य प्रांतों द्वारा लॉकडाउन किए जाने की उम्मीद है। 

न्यूयॉर्क में 10 दिन में खत्म हो जाएंगे वेंटीलेटर 

अमेरिका में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा न्यूयॉर्क शहर प्रभावित हुआ है। अमेरिका के कुल मरीजों में एक तिहाई यहीं के हैं। मेयर बिल डी ब्लासियो ने कहा है कि अगर 10 दिन के भीतर और वेंटीलेटर की व्यवस्था नहीं हुई तो बड़ी संख्या में लोगों की जान जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना वायरस जल्द खत्म होने वाला नहीं है, इससे चार से छह महीने तक जूझना पड़ सकता है। अभी तक शहर में 60 लोगों की जान जा चुकी है और आठ हजार से ज्यादा संक्रमित मामले पाए गए हैं।

अमेरिका हर परिवार को देगा 2.1 लाख रुपये

कोरोना वायरस के चलते बंद और आर्थिक नुकसान को देखते हुए अमेरिका में ट्रंप प्रशासन ने हर परिवार को एक मुश्त तीन हजार डॉलर (लगभग 2.1 लाख रुपये) देने की योजना तैयार की है। लोगों की मदद के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को मदद देने के लिए संसद से चार ट्रिलियन डॉलर (लगभग 280 लाख करोड़ रुपये) का पैकेज मांगा है।  

आठ हफ्ते चल सकता है लॉकडाउन 

बेल्जियम की स्वास्थ्य मंत्री मैगी डी ब्लॉक ने कहा कि कोरोना वायरस के चलते देश में हुआ लॉकडाउन आठ हफ्ते और चल सकता है। बेल्जियम में 17 मार्च से लॉकडाउन है और सिर्फ लोगों को जरूरी सामान खरीदने के लिए ही निकलने की छूट प्रदान की गई है। स्कूल और यूनिवर्सिटी बंद हैं और निजी कंपनियों के कर्मचारी घर से ही काम कर रहे हैं। 

मलेशिया ने घूमने फ‍िरने पर भी लगाई रोक 

इराक में भी रविवार से पूरे देश में 28 मार्च तक लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई। शनिवार से जार्डन में तीन दिनों के लिए लॉकडाउन लागू कर दिया गया। ओमान ने लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही करेंसी एक्सचेंज स्टोर्स को भी बंद करने का आदेश दिया है। मलेशिया ने देश में घूमने-फिरने पर प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने के लिए सेना को तैनात किया।

देश    मौतें   संक्रमित

चीन   3261 81054

इटली 4825 53,578

स्पेन 1720  28,572

इरान 1685 21,638

फ्रांस 562   14,459

अमेरिका 340 26,747

ब्रिटेन 233

इराक 20    233

मिस्र 8        285 

श्रीलंका में कर्फ्यू तोड़ने पर 340 गिरफ्तार

राष्ट्रव्यापी कर्फ्यू तोड़ने के आरोप में श्रीलंका में 340 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे ने शुक्रवार से सोमवार तक राष्ट्रव्यापी कफ्र्यू का एलान किया था। पहले यह कफ्र्यू सोमवार को खत्म होना था, लेकिन बाद में इसे बढ़ा दिया गया था। 

ब्रिटेन में हो सकते हैं इटली जैसे हालात: जॉनसन

ब्रिटेन में रविवार को और 48 लोगों की मौत हो गई और यह आंकड़ा 281 पर पहुंच गया है। ब्रिटेन में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 5,683 हो गई है, शनिवार को यह संख्या 5,018 थी। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने चेतावनी दी है कि अगर देशवासियों ने घर पर रहकर वायरस को फैलने से नहीं रोका तो दो से तीन सप्ताह में इटली जैसे हालात यहां भी हो सकते हैं। वहीं राष्ट्र के नाम लिखे एक पत्र में जॉनसन ने लोगों से मदर डे के दिन वीडियो कॉल के माध्यम से संदेश देने की बात कही। 

स्‍पेन में पीएम ने की आपातकाल बढ़ाने की मांग

स्पेन में एक दिन में संक्रमित होने वालों की संख्या 3,646 बढ़ गई और यह आंकड़ा 28,572 पर पहुंच गया है। हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने संसद से 11 अप्रैल तक आपातकाल बढ़ाने का अनुरोध किया है, ताकि कोरोना के प्रसार को रोका जा सके। फ्रांस में एक डॉक्टर की भी कोरोना से मौत हो गई है। यहां एक दिन में 112 मौतें हुई हैं और यह आंकड़ा 562 पर पहुंच गया है। संक्रमण भी तेजी से फैल रहा है और अब तक 14 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं। 

ईरान में 21,638 संक्रमित 

जर्मनी और स्विटजरलैंड ने फ्रांस के मरीजों को अपने यहां इलाज करने का प्रस्ताव किया है। ईरान में मरने वालों की संख्या 1,685 हो गई है जबकि संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 21,638 हो गई है। दक्षिणपूर्व एशियाई देशों की बात करें तो अभी तक 3,460 लोग संक्रमित हुए हैं और 36 मौतें हुई हैं। इनमें से आधी मौतें इंडोनेशिया में हुई हैं। सऊदी अरब में एक दिन में 119 नए मामले सामने आए और संक्रमितों की संख्या 511 हो गई। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात की अमीरात एयरलाइन ने लगभग अपनी सभी उड़ानें रद करने का एलान किया है। वियतनाम में भी संक्रमितों की संख्या 113 हो गई है। जबकि, फरवरी के मध्य में वहां सिर्फ 16 केस थे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.