कार उठाई, चाकू से लैस हमलावर को किया काबू... चीनी कंपनी ने पेश किया 'बॉडीगार्ड' रोबोट
यूनिट्री रोबोटिक्स ने H2-X नामक एक नया रोबोट पेश किया है। यह रोबोट कार उठाने, हमलावर को काबू करने और ...और पढ़ें

कला का प्रदर्शन करता रोबोट।
HighLights
यूनिट्री रोबोटिक्स ने H2-X नामक नया रोबोट किया पेश।
यह रोबोट व्यक्तिगत सुरक्षा और आपातकालीन बचाव में सक्षम है।
कार उठाना, हमलावर से बचाना, स्टंट करना इसकी खासियत।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन लगातार रोबोट इंडस्ट्री में नए-नए प्रयोग कर दुनिया को चौंका रहा है। इस कड़ी में एक ऐसा रोबोट डिजाइन किया है जो आपकी सुरक्षा से लेकर आपकी जरूरत का पूरा ख्याल रखेगा। कंपनी ने इस एच2-एक्स (H2-X) रोबोट का वीडियो जारी किया है।
वीडियो में कार पर छलांग लगाने से लेकर चाकू लेकर आ रहे किसी शख्स से बचाने की कोशिश में ये रोबोट माहिर दिख रहा है। इतना ही नहीं अगर सड़क हादसे में कोई फंस जाए तो ये एच2-एक्स रोबोट अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल करते हुए उसे आगे बचाने के लिए कूद पड़ेगा।
किस कंपनी ने किया डिजाइन
चीन की रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री रोबोटिक्स (Unitree Robotics) ने एक इंसानी शरीर जैसा रोबोट डिजाइन किया है। कंपनी ने इस एच2-एक्स मॉडल के रोबोट का नाम कुंग फू लीजेंड गार्जियन बताया है। कंपनी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार ये एच2 मॉडल के तहत डिजाइन किया गया है, जिसमें कई सारी खूबियां हैं।
किस-किस काम के लिए किया गया डिजाइन
कंपनी की ओर से जारी प्रमोशनल वीडियो में ये रोबोट कई कलाबाजियां मारता दिखता है। मानव शरीर जैसा दिखने वाला रोबोट चाकू लेकर हमला करने आ रहे शख्स पर टूट पड़ता है। इससे पहले ये कार पर हमला करता दिख रहा है। इस दौरान ये किसी को बचाने की क्षमता का प्रदर्शन करता है।
सड़क हादसे में बचाने की कोशिश
वीडियो के आखिरी हिस्से में ये रोबोट सबसे अहम और जरूरी चीज दिखाता है। कार के नीचे फंसे एक शख्स को देख कर ये दौड़ता है। इसके बाद खड़ी कार को पीछे से हवा में उठा लेता है। इस दौरान वहां पर मौजूद दूसरा शख्स उस कार के नीचे फंसे पुतले को बचा लेता है। इस तरह कंपनी ने इसके आपातकाल में किसी को सड़क हादसे में बचाने की क्षमता दिखाई है। इसके बाद एक पैदल यात्री को सामने से आ रही कार की चपेट में आने से रोबोट बचाता है।
स्टंट में माहिर है रोबोट
रोबोट इस वीडियो में कई तरह की कलाकारी करते दिख रहा है। वो कभी कई गुलाटी मारता है तो कंटेनर की छत से कूद कर सीधा खड़ा हो जाता है। इस तरह वो कई तरह की हवा में कलाबाजियां करने में सक्षम है। इस रोबोट की लंबाई करीब 1.82 मीटर और वजन 70 किलोग्राम है।
कुल मिला कर इस वीडियो को व्यक्तिगत सुरक्षा और आपातकालीन स्थिति में बचाव के लिए डिजाइन किया गया है। कंपनी ने इसकी कीमत के बारे में अभी जानकारी नहीं दी है। वहीं इसके बाजार में आने की तारीख की जानकारी भी नहीं है।
