चीन में महिला ने केजी स्कूल के बच्चों पर किया हमला, 14 बच्चे घायल
हमले के बाद महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया इस महिला का नाम शिंशिजी बताया गया है।
बीजिंग, एएनआइ। बीजिंग, प्रेट्र। चीन के चोंगक्विंग शहर में शुक्रवार को एक महिला ने नर्सरी स्कूल में चाकू से हमला कर 14 बच्चों को घायल कर दिया। पुलिस ने 39 वर्षीय हमलावर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। हमले का कारण अभी पता नहीं चला है। लेकिन बताया जा रहा है कि महिला किसी बात को लेकर सरकार से नाराज थी।
पुलिस के अनुसार, लियु नाम की महिला ने किचन में इस्तेमाल होने वाले चाकू से यह हमला सुबह साढ़े नौ बजे के करीब उस वक्त किया जब बच्चे स्कूल के मैदान में एक्सरसाइज के बाद अपनी क्लास में लौट रहे थे। स्कूल के अध्यापकों व गार्ड ने किसी तरह महिला को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। हाल के वर्षो में चीन में चाकू से हमले की घटनाएं बढ़ी हैं। गत जून में 29 साल के शख्स ने शंघाई शहर के एक प्राथमिक स्कूल के बाहर नौ बच्चों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।