दुनिया भर में भारतीयों ने मनाया Independence Day, इजरायल के पीएम ने शेयर किया Video
आस्ट्रेलिया वाणिज्य दूतावास बीजिंग पाकिस्तान और नेपाल दूतावस के भवनों में आयोजित समारोहों में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासियों ने भाग लिया।
बीजिंग, प्रेट्र। दुनिया भर में लाखों भारतीयों ने गुरुवार को पूरे उत्साह और उमंग के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया। भारत के 73वें स्वतंत्रता दिवस पर चीन, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, यूएई, नेपाल, श्रीलंका, बांग्लादेश, थाइलैंड, दक्षिण अफ्रीका, रूस, ओमान, सिंगापुर, इजरायल, इंडोनेशिया एवं अन्य देशों में भारतीयों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देशभक्ति के गीत गाए।
बीजिंग में भारतीय दूतावास में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी शामिल हुए। चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिसरी ने इंडिया हाउस में तिरंगा फहराया और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के राष्ट्र के नाम संबोधन को पढ़ा।
आस्ट्रेलिया में, कैनबरा में भारतीय उच्चायोग और मेलबर्न, सिडनी और पर्थ में वाणिज्य दूतावास भवनों में आयोजित समारोहों में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासियों ने भाग लिया। आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा है कि भारतीय समुदाय आधुनिक, बहुसांस्कृतिक ऑस्ट्रेलिया का एक समृद्ध और जीवंत हिस्सा बन गया है।
पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग ने पूरे उत्साह से दिवस मनाया। प्रभारी उच्चायुक्त गौरव अहलूवालिया ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रपति का संबोधन पढ़कर सुनाया।
नेपाल में भारतीय दूतावास ने स्थानीय अस्पतालों और विभिन्न चैरिटेबल संस्थाओं को 30 एंबुलेंस सौंपे। भारतीय राजदूत मानजीव सिंह पुरी ने 40 पुस्तकालयों और शैक्षणिक संस्थानों को उपहार में किताबें दीं। उन्होंने तीन वीर नारियों, पांच विधवाओं और दिवंगत जवानों के छह बच्चों को सम्मानित भी किया।
दो दशकों में भारत-अमेरिका मैत्री सामरिक साझेदारी बनी : पोंपियो
अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने भारत की जनता को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बधाई दी और कहा कि भारत और अमेरिका के बीच मित्रता दो दशकों में सामरिक साझेदारी में तब्दील हुई है।
दुनिया भर के नेताओं ने प्रधानमंत्री को दी शुभकामना
दुनिया भर के नेताओं ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुभकामना दी है। मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मुहम्मद सोलिह, नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली, भूटान के प्रधानमंत्री लोटय त्शेरिंग सबसे पहले शुभकामना देने वालों में शामिल हैं। मोदी ने सभी को धन्यवाद दिया।
इजरायल के पीएम ने शेयर किया वीडियो
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्विटर पर मोदी के साथ मुलाकात की वीडियो पोस्ट किया है। उन्होंने कहा है मेरे मित्र मोदी और भारत की जनता। नमस्ते! स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामना देते हुए कहा है कि देश ने हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
יום העצמאות שמח הודו! 🇮🇱🇮🇳
Happy Independence Day India!
सभी भारतवासियों को इजरायल की ओर से स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनायें।@NarendraModi pic.twitter.com/7afares7we — Benjamin Netanyahu (@netanyahu) August 15, 2019
बाज नहीं आया पाकिस्तान
कश्मीर पर भारत सरकार के कदम से बौखलाए पाकिस्तान स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भी बाज नहीं आया। गुरुवार को देश ने इसके विरोध में काला दिवस मनाया।