हांगकांग के अभिनेता साइमन याम पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर रूप से हुए घायल
हांगकांग के अभिनेता साइमन याम को तत्काल नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। वहां ऑपरेशन के बाद उनके घावों में टांके लगा दिए गए हैं।
बीजिंग, एएफपी। चीन में स्टेज प्रोग्राम दे रहे हांगकांग के अभिनेता साइमन याम (64) पर हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया गया।
शनिवार को हुई इस घटना में एक चीनी आदमी दौड़ता हुआ स्टेज पर चढ़ा और उसने धारदार हथियार से याम के पेट और दाहिने हाथ पर ताबड़तोड़ वार किए। जल्दी से लोगों ने हमलावर को पकड़कर बुजुर्ग अभिनेता को बचाया। घटना चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के झोंगशान शहर की है। याम के दल ने घटना को स्तब्धकारी बताया है।
याम को तत्काल नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। वहां ऑपरेशन के बाद उनके घावों में टांके लगा दिए गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार याम के घाव ज्यादा खतरनाक नहीं हैं लेकिन सतर्कता की जरूरत है। उन्हें फिलहाल अस्पताल में ही रखा गया है।
पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइमन याम ने हांगकांग और चीन की 234 फिल्मों और टेलीविजन कार्यक्रमों में अभिनय किया है। इनमें 2003 में आई रोमांचकारी फिल्म- लारा क्रॉफ्ट: टॉम्ब राइडर- द क्रेडिल ऑफ लाइफ भी शामिल है।