चीन में कृत्रिम झील से बर्बादी, तिब्बत को जोड़ने वाला मार्ग रुका
सिचुआन प्रांत के यातायात विभाग के अनुसार झील से निकले जल सैलाब से झुबलोंग जिंशा नदी का पुल नष्ट हो गया है।
बीजिंग, प्रेट्र । चीन में भूस्खलन के कारण बनी कृत्रिम झील का तटबंध टूटने से रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सिचुआन-तिब्बत राजमार्ग पर आवागमन रुक गया है। सिचुआन प्रांत के यातायात विभाग के अनुसार झील से निकले जल सैलाब से झुबलोंग जिंशा नदी का पुल नष्ट हो गया है।
इससे तिब्बत को सिचुआन से जोड़ने वाले राजमार्ग पर आवागमन रुक गया है। कृत्रिम झील के तटबंध के टूटने की आशंका से सरकारी महकमे ने मंगलवार को उससे पानी निकालने का इंतजाम किया था। लेकिन झील से पर्याप्त पानी न निकल पाने के कारण तटबंध पर दबाव बन गया और वह टूट गया।
जल सैलाब से किसी के मरने की सूचना नहीं है, आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सरकारी सूत्रों के अनुसार पानी का स्तर कम होने पर पुल के निर्माण और राजमार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा। पर्वतीय इलाके से होकर गुजर रही नदी में भूस्खलन से अक्सर झील बनती रहती है। लेकिन जिस कृत्रिम झील ने बर्बादी फैलाई है वह तीन नवंबर को हुए भूस्खलन से बनी थी। नदी की धारा में काफी मात्रा में मलबा और पत्थर गिर जाने से बहाव रुक गया था और काफी बड़ी झील बन गई थी।