चीन में सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्यों की संख्या नौ करोड़ के पार
वर्ष 1949 से चीन की सत्ता पर काबिज कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चीन (CPC) के सदस्यों की संख्या नौ करोड़ से ज्यादा हो गई है। पार्टी की अध्यक्षता 66 वर्षीय देश के राष्ट्रपति शी जिनपिंग करते हैं।
बीजिंग, प्रेट्र। वर्ष 1949 से चीन की सत्ता पर काबिज कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चीन (CPC) के सदस्यों की संख्या नौ करोड़ से ज्यादा हो गई है। कार्ल मार्क्स के सिद्धातों को मानने वाली सीपीसी के सदस्यों पर किसी भी धर्म का पालन करने पर रोक है। चीन में सभी कार्यालयों, फैक्टि्रयों और कारोबारी संस्थानों में कम्युनिस्ट पार्टी का दफ्तर खोलना जरूरी है।
सीपीसी के संगठन विभाग ने रविवार को बताया कि सत्तारूढ़ दल के सदस्यों की कुल संख्या नौ करोड़ 59 लाख हो गई है। 1921 में स्थापना के समय इस पार्टी के साथ महज 50 लोग जुड़े थे। 1949 में सत्ता में आने पर यह संख्या 45 लाख हो गई थी। पिछले साल सीपीसी से 20 लाख लोग जुड़े जो 2017 के मुकाबले 72 हजार ज्यादा है। नए सदस्यों में करीब 50 प्रतिशत युवा हैं।
पार्टी की अध्यक्षता 66 वर्षीय देश के राष्ट्रपति शी जिनपिंग करते हैं, जिन्हें पार्टी के संस्थापक माओ जिडांग के बाद सबसे शक्तिशाली नेता माना जाता है। चीन की संसद, नेशनल पीपुल्स कांग्रेस ने पिछले साल राष्ट्रपति के लिए दो बार की कार्यकाल की सीमा को हटा दिया था।