Chinese app ban in India: चीनी ऐप पर भारत में प्रतिबंध से बौखलाया चीन, दिया बड़ा बयान
भारत की और से चीनी ऐप पर प्रतिबंध से चीन घबरा गया है और इसपर दुख जताते हुए स्थिति पर नजर रखने की बात करने लगा है।
बीजिंग, एएनआई। लद्दाख में सख्ती से चीन के साथ पेश आ रहे भारत ने अब आर्थिक मोर्चे पर घेरते हुए देश में 59 चीनी ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया है और गूगल को अपने प्ले स्टोर से उस सभी ऐप को हटाने का आदेश भी दे दिया है। भारत की इस कार्रवाई से चीन घबरा गया है और इसपर दुख जताते हुए स्थिति पर नजर रखने की बात करने लगा है। अभी तक गलवन में हेकड़ी दिखा रहे चीन भारत के इस एक्शन के बाद अब अंतरराष्ट्रीय कानून की दुहाई देने लगा है।
भारत के एक्शन बाद चीन को हुई चिंता
चीन के विदेश मंत्री के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने भारत के चीनी ऐप्स पर बैन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चीन को काफी चिंता है और वह स्थिति की समीक्षा कर रहा है। बता दें कि दोनों देशों के बीच लद्दाख में एक महीने से ज्यादा वक्त से तनाव चल रहा है। गलवन घाटी में चीनी सेना के साथ संघर्ष में भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे, जबकि चीन के 40 जवान मारे गए थे।
उन्होंने कहा कि हम कहना चाहते हैं कि चीनी सरकार हमेशा से अपने कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय नियमों को पालन करने को कहती रही है। भारत सरकार को चीनी समेत सभी अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के कानूनी अधिकारों की रक्षा करने की जिम्मेदारी है।
भारत ने कल 59 ऐप पर लगाया था बैन
बता दें कि भारत सरकार ने सोमवार को 50 से ज्यादा चाइनीज ऐप्स को प्रतिबंधित करने का बड़ा फैसला लिया था। बैन किए गए ऐप्स की लिस्ट में ढेरों पॉपुलर ऐप्स शामिल हैं और TikTok, UC Browser और ShareIt जैसे नाम हैं। ऐप्स को बैन किए जाने की वजह इनका चाइनीज होना ही नहीं है, बल्कि देश की सुरक्षा और एकता को बनाए रखने के लिए जरूरी कदम मानते हुए ऐसा किया गया है। करीब 59 ऐप्स को जल्द ही गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से हटा दिया जाएगा।