कोरोना वायरस का केंद्र रही चीन की वुहान मीट मार्केट पर अब लगा प्रतिबंध
कोरोना वायरस का केंद्र रही चीन की वुहान मीट मार्केट को अब 6 माह के बाद चीन ने बंद कर दिया है। वुहान की मीट मार्केट से ही कोरोना के फैलने की बात कही जा रही थी।
बीजिंग। दुनिया को अरबों का नुकसान और लाखों जानें लेने के बाद अब चीन ने वुहान की मीट मार्केट को बंद कर दिया है। वुहान सरकार की आफिशियर वेबसाइट के अनुसार अब वुहान में न तो जंगली जानवरों का शिकार किया जा सकेगा ना ही उनको बेचा जा सकेगा। इन दोनों पर प्रतिबंध लगाया जाता है। वुहान सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर बुधवार को ये सूचना जारी कर दी गई है, इसी के साथ यहां पर इन दोनों कामों पर प्रतिबंध लग गया है।
वुहान चीन का वो मीट मार्केट हैं जहां पर दुनिया के हर तरह के जंगली जीव की खरीद बिक्री होती है। आप जिस जानवर के बारे में सोच सकते हों वुहान की मीट मार्केट में आपको ये खरीदने को मिल जाता है। सांप, बिच्छु, केकड़ा, कुत्ता, सुअर जैसे अनगिनत जंगली जानवर यहां के बाजारों में सजे मिल जाते हैं। आप अपनी पसंद के अनुसार उनको खरीद सकते हैं और बनाकर खा सकते है। कई दुकानें तो ऐसी भी लगती है जो ताजा बना बनाया मीट बेचती हैं।
वेबसाइट में कहा गया है कि जंगली जानवरों और उनके उत्पादों को खपत से प्रतिबंधित किया जाता है, जिसमें सभी स्थलीय वन्यजीव शामिल हैं। वन्यजीव जानवर जो राष्ट्रीय और हुबेई प्रांतीय संरक्षण सूची में हैं, साथ ही साथ वे जानवर जो स्वाभाविक रूप से बढ़ते हैं और जंगली वातावरण में प्रजनन करते हैं और कृत्रिम रूप से नस्ल और प्रचारित होते हैं। इसी के साथ राष्ट्रीय महत्वपूर्ण संरक्षण के तहत कीमती जलीय जंगली जानवर और लुप्तप्राय जलीय जंगली जानवर शामिल हैं। इसमें अन्य जंगली जानवर भी शामिल हैं जो कानूनों और नियमों द्वारा खपत से प्रतिबंधित हैं।
चीन का वुहान और हुबेई प्रांत उस समय चर्चा में आ गए थे जब कोरोना वायरस का संक्रमण फैलना शुरू हुआ था। उसी के बाद दुनिया भर में वुहान और हुबेई प्रांत की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी थी। पहली बार तो यही कहा गया था कि वुहान की मीट मार्केट से ही कोरोना वायरस फैला है। पहली बार चमगादड़ से इसके फैलने की बात कही गई उसके बाद अन्य चीजें सामने आई, मीट मार्केट के बाद वुहान के वायरोलाजी लैब से इसके निकलने की बात कही गई मगर अब तक ये तय नहीं हो पाया है कि आखिर में ये वायरस कहां से निकला। इस पर अभी भी जांच चल रही है।