अरुणाचल, ताइवान से जुड़े तीन लाख नक्शों को नष्ट करेगा चीन
चीनी अधिकारियों का कहना है कि इन मानचित्रों में चीन-भारत सीमा का गलत चित्रण किया गया था और ताइवान को अलग देश के तौर पर दिखाया गया था।
बीजिंग, प्रेट्र। चीन ने अरुणाचल प्रदेश और ताइवान को अपने क्षेत्र का हिस्सा नहीं दर्शाने वाले तीन लाख और मानचित्रों को नष्ट करने का आदेश दिया है। चीन के अधिकारियों ने पिछले महीने भी इसी तरह के 30 हजार विश्व मानचित्रों को नष्ट कर दिया था। ये मानचित्र भी चीन में छपे थे।
चीनी अधिकारियों का कहना है कि इन मानचित्रों में चीन-भारत सीमा का गलत चित्रण किया गया था और ताइवान को अलग देश के तौर पर दिखाया गया था। चीन भारत के अभिन्न अंग अरुणाचल प्रदेश पर दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा होने का दावा करता है।
चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने मंगलवार को कहा कि देश के दक्षिणी गुआंगदोंग प्रांत के सीमा शुल्क ब्यूरो के अधिकारी गलत प्रकाशित हुए तीन लाख से ज्यादा विश्व मानचित्रों को नष्ट करेंगे। इन गलत मानचित्रों को नीदरलैंड्स भेजने के प्रयास के मामले में चार अधिकारियों पर मुकदमा चलाने का भी निर्णय लिया गया है।
अखबार ने एक अधिकारी के हवाले से कहा, सीमा शुल्क ब्यूरो ने 2,64,983 विश्व मानचित्र बरामद किए हैं। इन्हें गत 17 जनवरी में नीदरलैंड्स निर्यात किया जाना था। ये मानचित्र गुआंगदोंग के डोंगगुआन शहर की एक कंपनी में छपे थे। कंपनी द्वारा छापे गए तीन लाख से ज्यादा नक्शों को नष्ट किया जाएगा।