चीन में भारी बारिश: रेल यातायात ठप, जनजीवन अस्त-व्यस्त
हर साल चीन में बाढ़ के कारण सैंकड़ों लोगों की मौत हो जाती है पर इस बार मृत्युदर में कमी है।
शंघाई (रायटर्स)। चीन में लगातार हो रही भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण देश भर में भयावह स्थिति उत्पन्न हो गई है। चीन की सरकारी मीडिया ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। भारी बारिश के कारण देश की बड़ी नदियां ऊफान पर हैं। कई क्षेत्रों में बाढ़ के कारण पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भारी बारिश के कारण सड़कें अवरुद्ध होने के अलावा रेल यातायात ठप हो गया है।
बाढ़ के कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। चीन के मौसम विभाग ने शनिवार को भी देशभर में भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की है। दक्षिण पश्चिमी सिचुआन प्रांत में बाढ़ और भूस्खलन संबंधित चेतावनी जारी की है।
चीन के कई हिस्सों में प्रत्येक वर्ष सैंकड़ों लोगों की मौत हो जाती है। लेकिन इस वर्ष मरने वाले लोगों की तादाद काफी कम है। बाढ़ के कारण चीन के एक प्रांत में 12 के मारे जाने की सूचना है जबकि एक अन्य प्रांत में तीन की मौत होने की जानकारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को चीन के कुछ हिस्सों में 80 मिलीमीटर प्रति घंटे बारिश होने का अनुमान जताया है। देश के मीडिया के अनुसार, 241 नदियों में पिछले कुछ दिनों में बाढ़ आ गयी है।