चीन में शी चिनफिंग का बड़ा मिलिट्री क्रैकडाउन, दो शीर्ष जनरल पार्टी और सेना से बर्खास्त; भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता का आरोप
चीन ने अपने दो शीर्ष जनरलों, झांग यूक्सिया और लियू झेनली को कम्युनिस्ट पार्टी और सेना से निष्कासित कर दिया ...और पढ़ें

चीन ने दो शीर्ष जनरलों को पार्टी और सेना से निकाला
HighLights
चीन ने दो शीर्ष जनरलों झांग यूक्सिया और लियू झेनली को निष्कासित किया।
वफादारी न रखने, भ्रष्टाचार और अनुशासन तोड़ने के गंभीर आरोप लगे।
यह कार्रवाई शी चिनफिंग के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान का हिस्सा है।
डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन ने सोमवार को दो शीर्ष जनरलों झांग यूक्सिया और लियू झेनली को कम्युनिस्ट पार्टी और सेना से निकाल दिया है। उन पर वफादार न रहने, भ्रष्टाचार और अनुशासन तोड़ने के गंभीर आरोप हैं।
झांग, राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व वाली सेना की सर्वोच्च संस्था सेंट्रल मिलिट्री कमीशन में वाइस-चेयरमैन के तौर पर दूसरे सबसे बड़े अधिकारी थे और उन्हें लंबे समय से शी का सबसे करीबी सैन्य सहयोगी माना जाता रहा है। लियू सीएमसी के सदस्य और इसके ज्वाइंट स्टाफ डिपार्टमेंट के चीफ आफ स्टाफ थे।
झांग और लियू के खिलाफ जांच की घोषणा जनवरी में की गई थी और अगस्त के आखिर में उन्हें सरकारी सेंट्रल मिलिट्री कमीशन से हटा दिया गया था।
2012 में सत्ता में आने के बाद से शी ने भ्रष्टाचार और अनुशासन के खिलाफ सबसे बड़े अभियानों में से एक चलाया है। हाल के वर्षों में सेना इस बड़े अभियान के मुख्य लक्ष्यों में से एक रही है।
कई जांचों और निष्कासनों के बाद, पहले सात सदस्यों वाली सीएमसी में अब केवल दो सक्रिय सदस्य बचे हैं, जिनमें खुद शी भी शामिल हैं, जो इसके चेयरमैन हैं।
(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
