अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो पर भड़का चीन, कहा- शीत युद्ध की मानसिकता छोड़े अमेरिका
क्वाड शिखर सम्मेलन से सहमे चीन ने कहा है कि अमेरिका को शीत युद्ध की मानसिकता से बाहर निकलना चाहिए। इस बीच एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि चीन ने भारत सहित अपने पड़ोसियों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में घोर आक्रामकता का रवैया अचानक अपनाया है।
टोक्यो, रायटर। क्वाड शिखर सम्मेलन से सहमे चीन ने बुधवार को कहा कि अमेरिका को शीत युद्ध की मानसिकता से बाहर निकलना चाहिए। बीजिंग ने इस दौरान वाशिंगटन से अकारण हमलों और आरोपों को रोकने की गुजारिश की। साथ अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो पर दुर्भावनापूर्ण राजनीति करने का भी आरोप लगाया। पोंपियो सामरिक रूप से महत्वपूर्ण क्वाड समूहों की बैठक में भाग लेने के उद्देश्य से मंगलवार को टोक्यो में थे। इस दौरान समूह के सदस्य देशों (ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, भारत और जापान) ने चीन का मुकाबला करने के लिए गहन सहयोग का आह्वान किया।
टोक्यो स्थित चीनी दूतावास ने एक बयान में कहा, 'पोंपियो ने बार-बार चीन के बारे में झूठ बोला और दुर्भावनापूर्ण तरीके से राजनीतिक टकराव पैदा किया।' दूतावास ने कहा, 'हम एक बार फिर अमेरिका से शीत युद्ध की मानसिकता और वैचारिक पूर्वाग्रह को त्यागने, चीन के खिलाफ झूठे आरोपों को रोकने सहित बीजिंग के साथ रचनात्मक संबंध बहाल करने का आग्रह करते हैं।' एक साल से अधिक समय बाद और चीन के साथ बिगड़ते हालातों के बीच पोंपियो की पूर्वी एशिया की यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी ने कहा है कि चीन ने भारत सहित अपने पड़ोसियों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में घोर आक्रामकता का रवैया अचानक अपनाया है। टोक्यो में क्वाड मंत्रिस्तरीय बैठक खत्म होने के बाद उन्होंने यह टिप्पणी की। बैठक के दौरान सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित रखने का संकल्प लिया। बता दें कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र के विदेश मंत्रियों के समूह को क्वाड के तौर पर जाना जाता है। मंगलवार को अमेरिका, जापान, भारत और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री कोरोना महामारी के बाद पहली बार व्यक्तिगत रूप से मिले थे।
अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो के साथ गए एक अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि अगर आप हिमालय में भारत और चीन के बीच जारी तनाव को देखेंगे तो आपको यह पता चलेगा कि अतीत में इन विवादों को हल करने के लिए अनकहे या अलिखित नियमों का प्रयोग किया जाता रहा है। अधिकारी ने कहा, 'अब आप हाल के घटनाक्रम को देखेंगे तो पता चलेगा कि इस क्षेत्र में वास्तव में लोग एक-दूसरे को पीट-पीटकर मार रहे हैं। यदि आप एक चीज को देखेंगे, जिसकी वजह से ये सब हो रहा है तो आप पाएंगे कि इसके पीछे की वजह चीन सरकार द्वारा संपूर्ण परिधि में अचानक आक्रामक तेवर दिखाना है।'