चीन में नए साल के मौके पर चाकू मारने व आगजनी में 15 की मौत
शांक्सी प्रांत के उत्तरी हिस्से में जब एक घर में लोग सोमवार रात नए साल का जश्न मना रहे थे तभी लू उपनाम वाले एक व्यक्ति ने अपने घर में आग लगा दी जिसमें सात लोगों की मौत हो गई।
बीजिंग, एएफपी। चीन में चंद्र नव वर्ष की रात दो परिवारों के यहां हिंसक घटनाओं में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। एक परिवार में जहां एक व्यक्ति ने अपने भाई के घर को आग के हवाले कर सात लोगों को मार डाला वहीं दूसरे परिवार में एक अन्य ने चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर आठ लोगों को मौत के घाट उतार दिया।
शांक्सी प्रांत के उत्तरी हिस्से में जब एक घर में लोग सोमवार रात नए साल का जश्न मना रहे थे तभी लू उपनाम वाले एक व्यक्ति ने अपने घर में आग लगा दी जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में भाई, उसकी पत्नी, उसके पिता और तीन बच्चे शामिल हैं। इस घटना के बाद खुदकशी का प्रयास कर रहे हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी चीन के सोशल मीडिया प्लेटफार्म वीबो पर पुलिस ने दी।
उसी रात गुओ उपनाम वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के अवैध संबंध के शक में चाकू मारकर आठ लोगों की जान ले ली। इस दौरान उसने सात लोगों को घायल भी कर दिया। यह घटना उत्तर-पश्चिम गांसू प्रांत के एक गांव में हुई। हमला करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि अभी उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है। चीन में चाकू से हमले की घटनाएं आम हैं क्योंकि यहां पर बंदूक रखने के नियम बहुत सख्त हैं।