न्यूजीलैंड की पीएम जेसिंडा अर्डर्न की दिलचस्प प्रेम कहानी, पहले बनीं मां अब करेंगी शादी
न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न और लंबे समय से उनके प्रेमी क्लार्क गेफोर्ड शादी रचाने जा रहे हैं।
वेलिंगटन, एएफपी। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न जल्द ही अपने पार्टनर क्लार्क गेफोर्ड से शादी करेंगी। जेसिंडा और क्लार्क लंबे समय से साथ रह रहे हैं और पिछले साल दोनों को एक बेटी हुई थी। अर्डर्न के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि दोनों ने ईस्टर की छुट्टियों के दौरान सगाई कर ली है और वह जल्द शादी करने वाले हैं। शादी की तारीख अभी उजागर नहीं की गई है।
38 वर्षीय अर्डर्न ने पिछले साल अपनी बेटी नेव को जन्म दिया था। पाकिस्तान की प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के बाद वह विश्व की दूसरी महिला हैं जिन्होंने पीएम पद पर रहते हुए बच्चे को जन्म दिया। खुद को नारीवादी कहने वाली अर्डर्न अपनी बेटी को लेकर संयुक्त राष्ट्र की आमसभा में भी शामिल हुई थीं। यदि वह प्रधानमंत्री रहते हुए ही शादी रचाती हैं तो वह ऐसा करने वाली दूसरी राष्ट्र प्रमुख होंगी। इससे पहले 2008 में फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने पद पर रहने के दौरान शादी की थी।
अर्डर्न के साथी क्लार्क टीवी होस्ट हैं लेकिन नेव के पैदा होने के बाद से वह घर पर रहकर उसकी देखरेख करते हैं। दोनों की सगाई की बात ऐसे समय पर सामने आई है जब क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों पर हमले के बाद से अर्डर्न मुश्किल हालात का सामना कर रही थीं। इस हमले में 51 लोगों की मौत हो गई थी।
न्यूजीलैंड के राजनीतिक इतिहास में यह पहला मौका है, जब सत्ता में रहते हुए कोई महिला पीएम मां बनी हैं। हालांकि, दुनिया की राजनीतिक इतिहास में यह दूसरा मौका है, जब पीएम पद पर रहते हुए कोई महिला पीएम मां बनी है। इससे पहले पाकिस्तान की प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो पीएम पद पर रहते हुए मां बनने का गौरव हासिल कर चुकी हैं।
क्राइस्टचर्च मस्जिद की शूटिंग को संभालने के लिए व्यापक प्रशंसा के बाद न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न की लोकप्रियता काफी बढ़ गई है। बता दें जेसिंडा अर्डर्न ने नियम बनाया कि नए-नए माता-पिता बने लोगों को 22 हफ्ते की पेड लीव (Paid Leave) दी जाएगी। इससे पहले 18 हफ्ते की पेड लीव मिलती थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप