विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कनाडा के अलबर्टा में सैन्य अड्डे पर लगी भीषण आग, कई अस्पतालों ने घोषित किया ‘कोड ऑरेंज’

Published: Sun, 18 Oct 2026 11:15 PM (IST)

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में एक सैन्य अड्डे पर भीषण आग लग गई, जिसमें कई लोगों की मौत हुई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।

कनाडा के अलबर्टा में सैन्य अड्डे पर लगी भीषण आग। (रॉयटर्स)

कनाडा के अलबर्टा में सैन्य अड्डे पर लगी भीषण आग। (रॉयटर्स)

HighLights

  1. अल्बर्टा सैन्य अड्डे पर लगी भीषण आग।

  2. कई लोगों की मौत, बड़ी संख्या में घायल।

  3. अस्पतालों में 'कोड ऑरेंज' की घोषणा।

डिजिटल डेस्क, एडमंटन। कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में सैन्य अड्डे पर भीषण आग लग गई। इस घटना में कई लोगों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। कनाडाई सशस्त्र बलों ने कहा कि स्वजन को सूचित किए जाने तक वह हताहतों की संख्या जारी नहीं करेगा।

तेज हवाओं के कारण आग कनाडाई सैन्य अड्डे वेनराइट से निकलकर आसपास के ग्रामीण इलाकों तक फैल गई। देर रात तक दमकलकर्मी आग को बुझाने के लिए मशक्कत करते रहे।

रायल एलेक्जेंड्रा अस्पताल के डाक्टर वारेन थिर्स्क ने सीबीसी न्यूज को बताया कि एडमंटन के अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचाए जा रहे हैं। अल्बर्टा के कई अस्पतालों ने सामूहिक आपात स्थिति के लिए ‘कोड आरेंज’ घोषित किया है। ‘कोड ऑरेंज’ आपात स्थिति में इस्तेमाल होने वाली व्यवस्था है, जब कई गंभीर रूप से घायल मरीजों को समन्वित चिकित्सा देखभाल की जरूरत होती है।

रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने शनिवार को कहा कि रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस घटना की जांच कर रही है। अधिकारी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आग किस कारण से लगी।

पुलिस को शनिवार शाम चार बजे के बाद सैन्य अड्डे के प्रशिक्षण क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली। दमकलकर्मियों को तेज हवाओं के कारण आग को काबू करने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक्स पर पोस्ट कर इस घटना के पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि कनाडाई सरकार, अल्बर्टा सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है, और वे अल्बर्टा की प्रीमियर डेनियल स्मिथ के लगातार संपर्क में हैं।

(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)