कनाडा में चीन के खिलाफ भारतीय समुदाय का प्रदर्शन
इस दौरान लोग हाथ में स्टोप किलिंग पीपल इन इंडिया बैकऑफ चाइना डोंट थ्रेटन जैसे होर्डिंग्स लिए नजर आए।
टोरंटो, एएनआइ। कनाडा में चीन के खिलाफ भारतीय नागरिकों ने प्रदर्शन किया। यहां वैंकूवर में चीनी वाणिज्य दूतावास कार्यालय के बाहर भारत समुदाय के लोगों ने इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोग हाथ में 'स्टोप किलिंग पीपल इन इंडिया', 'बैकऑफ चाइना' और 'डोंट थ्रेटन' जैसे होर्डिंग्स लिए नजर आए। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने हाथ में भारत का झंड़ा भी पकड़ा हुआ था।
भारत में मस्जिद के बाहर प्रदर्शन
मंगलवार को भारत-चीन सीमा पर देश की रक्षा करते हुए अपना जीवन बलिदान करने वाले बलिदानियों की याद में दिल्ली के घोंडा के गौतम विहार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मस्जिद के बाहर नमाजियों ने इकट्ठा होकर बलिदानियों की याद में दो मिनट का मौन रखा और उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। इसके बाद इन लोगों ने चीन के खिलाफ प्रदर्शन किया और चीनी राष्ट्रपति का पुतला दहन किया। इसके साथ ही चीनी उत्पादों का भी दहन किया गया। इसके अलावा केंद्र सरकार से चीन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। हर एक देशवासी सरकार के साथ खड़ा है।
चीन के खिलाफ पूरे देश में फूटा आक्रोश
चीन के खिलाफ भारत में लोगों में खासा आक्रोश है। पिछले दिनों देशभर में लोगों ने सड़कों पर उतरकर अपने गुस्से का इजहार किया था। राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात समेत तमाम राज्यों के कई शहरों में चीन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए गए थे। बंगाल के उत्तरी जिले के विभिन्न इलाकों में सैंकड़ों लोगों ने शहीद भारतीय जवानों के लिए न्याय की गुहार लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और चीनी सामानों के बहिष्कार की अपील की थी। बता दें कि गलवन घाटी पर चीन ने सीमा पर तैनात भारतीय जवानों पर हमला कर दिया था जिसमें इंडियन आर्मी के 20 सैनिक शहीद हो गए थे। जवाबी कार्रवाई में चीन के भी 43 सैनिक मारे गए हैं। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने चीन के खिलाफ प्रदर्शन करने शुरू कर दिए थे।