'टकराव हुआ तो दोनों का नुकसान होगा', ट्रंप से मुलाकात में चिनफिंग बोले- अमेरिका-चीन प्रतिद्वंद्वी नहीं, साझेदार बनें
चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अपनी अमेरिकी राजकीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की और अमेरिका-चीन संबंधों में टकराव के बजाय सहयोग का रास्ता अपनाने की अपील की।
-1790264504770_m.webp)
ट्रंप-चिनफिंग की मुलाकात (फोटो- रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर पहुंचे चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बुधवार को अमेरिका-चीन संबंधों में टकराव के बजाय सहयोग का रास्ता अपनाने की अपील की।
मैरीलैंड स्थित ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सैन्य बैंड की धुनों के बीच लाल कालीन बिछाया गया और अमेरिका तथा चीन के झंडे लगाए गए।
यह स्वागत दोनों देशों के बीच तनाव के बावजूद संबंधों के महत्व को रेखांकित करता है। इसके बाद ट्रंप ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में भी चिनफिंग का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि चीनी राष्ट्रपति के साथ "वाकई बहुत अच्छी दोस्ती" कायम की है।
अमेरिका पहुंचने पर चिनफिंग ने ट्रंप से कहा कि चीन और अमेरिका, दो प्रमुख देशों के रूप में, सहयोग से लाभान्वित होंगे और टकराव में दोनों को ही नुकसान होगा।
रॉयटर के अनुसार, स्वागत के दौरान चिनफिंग ने कहा कि अमेरिका और चीन दोनों महान देश हैं और उनके हित गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों देशों को एक-दूसरे को प्रतिद्वंद्वी के बजाय साझेदार के रूप में देखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चीन का राष्ट्रीय पुनरुत्थान और अमेरिका को फिर महान बनाने का लक्ष्य साथ-साथ आगे बढ़ सकता है। उनके मुताबिक, दोनों देश सहयोग से लाभ उठा सकते हैं, जबकि टकराव दोनों के लिए नुकसानदेह होगा। प्रतिस्पर्धा हो, लेकिन वह स्वस्थ और एक तय दायरे में होनी चाहिए।
ट्रंप और चिनफिंग की गुरुवार को व्हाइट हाउस में औपचारिक बातचीत जारी रही। इसमें व्यापार, एआइ, ताइवान, दुर्लभ खनिज और ईरान समेत कई मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है। ट्रंप ने कहा है कि सुरक्षा, टेक्नोलाजी और सुपर इंटेलिजेंस बातचीत के प्रमुख विषय होंगे।
व्यापार युद्ध पर अस्थायी राहत
एपी के अनुसार, चिनफिंग की यात्रा से पहले अमेरिका और चीन ने 11 महीने पुराने व्यापार समझौते को 10 जनवरी तक बढ़ाने पर सहमति जताई है। यह समझौता नवंबर में समाप्त होना था।
अमेरिकी वित्त मंत्री स्काट बेसेंट के अनुसार, दोनों पक्ष व्यापक समझौते की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। बातचीत में कुछ शुल्क घटाने, दुर्लभ खनिजों की आपूर्ति, नशीले पदार्थों की तस्करी और सैन्य स्तर पर संवाद बढ़ाने जैसे मुद्दे भी शामिल हो सकते हैं।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के अनुसार, चीन 200 बोइंग विमानों की खरीद के मामले में भी आगे बढ़ रहा है। यह समझौता मई में ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान बनी व्यापक आर्थिक सहमति का हिस्सा है।
ताइवान भी अहम मुद्दा रहेगा। चीन अमेरिका से ताइवान को हथियार देने के मुद्दे पर संयम की अपेक्षा करता रहा है। वहीं, दोनों देशों के बीच एआइ की बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच इसके सुरक्षित इस्तेमाल और संभावित जोखिमों पर भी बातचीत की संभावना है।
रात्रिभोज में दिग्गज कारोबारी
प्रेट्र के अनुसार, व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में होने वाले राजकीय रात्रिभोज में जेफ बेजोस, सुंदर पिचाई, सैम आल्टमैन, एलन मस्क, जेंसेन हुआंग और टिम कुक समेत अमेरिकी तकनीकी और कारोबारी जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। मेन्यू में अमेरिकी और चीनी पाक परंपराओं का मेल रखा गया है।
दोनों पक्षों के बीच किसी बड़े समझौते की उम्मीद फिलहाल कम है। हालांकि, व्यापार तनाव कम करने और संवेदनशील मुद्दों पर संवाद बनाए रखने की दिशा में यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
