जानिए, किस देश में मिला 38.6 करोड़ वर्ष पुराने पेड़ों का झुंड, जिसे वैज्ञानिक बता रहे जीवाश्म
करंट बायोलॉजी नामक पत्रिका में प्रकाशित लेख में कहा गया है कि यह खोज पेड़ों के विकास और जिस दुनिया में हम रहे हैं उसके बदलाव पर एक नई रोशनी डालती है।
न्यूयॉर्क, प्रेट्र। अमेरिका में बलुआ पत्थर की खदान में लगभग 38.6 करोड़ वर्ष पुराने पेड़ों का एक व्यापक झुंड मिला है। वैज्ञानिक इसे दुनिया के सबसे पुराने जीवाश्म वन के अवशेष मान रहे हैं। अमेरिका के बिंघमटन विश्वविद्यालय और न्यूयॉर्क राज्य संग्रहालय के शोधकर्ताओं के अनुसार काहिरा के जीवाश्म जंगल न्यूयॉर्क से पेंसिल्वेनिया और उससे आगे तक फैल गए होंगे। ये जंगल अब तक के सबसे पुराने गिल्बोआ स्थित जंगलों से 20 से 30 लाख साल पुराने हैं। ये जंगल भी न्यूयॉर्क राज्य में हैं और काहिरा क्षेत्र से लगभग 40 किमी दूर हैं।
3,000 वर्ग मीटर के जंगल की हुई मैपिंग
करंट बायोलॉजी नामक पत्रिका में प्रकाशित लेख में कहा गया है कि यह खोज पेड़ों के विकास और जिस दुनिया में हम रहे हैं उसके बदलाव पर एक नई रोशनी डालती है। ब्रिटेन के कार्डिफ विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं सहित टीम ने हडसन घाटी में कैट्सकिल पर्वत की तलहटी में परित्यक्त खदान के 3,000 वर्ग मीटर के जंगल की मैपिंग की।
शंकुधारी दिखने वाले हैं पेड़
शोध के सह लेखक और कार्डिफ यूनिवर्सिटी के क्रिस बेरी ने कहा कि यह छोटे से मध्यम आकार के शंकुधारी दिखने वाले पेड़ों के साथ एक खुले जंगल की तरह दिखाई देता था। शोध से पता चलता है कि जंगल में कम से कम दो प्रकार के पेड़ थे। एक तीसरे प्रकार के पेड़ का भी एक एकल उदाहरण भी देखने को मिला। माना जा रहा है कि यह लाइकोपोड हो सकता था। ये सभी पेड़ बीज के बजाय केवल बीजाणुओं का उपयोग कर विकसित हुए।