विवादों में घिरीं व्हाइट हाउस की नई प्रेस सचिव केटी जकारिया, वकील होने के दावे पर उठ रहे सवाल
व्हाइट हाउस की नई प्रेस सचिव केटी जकारिया के वकील होने और बार परीक्षा पास करने के दावों पर बिना ...और पढ़ें

सवालों के घेरे में व्हाइट हाउस की नई प्रेस सचिव केटी जकारिया।
HighLights
केटी जकारिया के वकील होने के दावों पर उठे सवाल।
कैलिफोर्निया स्टेट बार में लाइसेंस का कोई रिकॉर्ड नहीं।
वॉचडॉग ग्रुप ने बिना लाइसेंस वकालत की शिकायत दर्ज कराई।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में नव-नियुक्त व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव केटी जकारिया को लेकर वॉशिंगटन की राजनीति में गर्माहट तेज हो गई है। या यूं कहें कि जकारिया अपनी नियुक्ति के शुरुआती दिनों में खुद के दावों के चलते ही विवादों और तीखे सवालों के घेरे में आ गई हैं।
इसकी वजह को ऐसे समझिए राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के प्रशासन का सार्वजनिक चेहरा बनने जा रही जकारिया के रिज्यूमे, उनकी कानूनी योग्यता और वकील होने के दावों पर अब अमेरिकी मीडिया और स्वतंत्र जांच एजेंसियों की तरफ से गंभीर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
पहले जानिए विवाद की जड़ क्या है?
बता दें कि केटी जकारिया लंबे समय से खुद को एक वकील के रूप में पेश करती आई हैं। उन्होंने फॉक्स न्यूज और न्यूजमैक्स जैसे रूढ़िवादी मीडिया संस्थानों में एक कमेंटेटर के रूप में अपनी पहचान बनाई है। अपने सोशल मीडिया बायो पर उन्होंने खुद को 'पत्नी, मां और वकील' बताया है।
हालांकि, स्वतंत्र जांच आउटलेट 'पॉपुलर इंफॉर्मेशन' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस बात का कोई सबूत नहीं है कि उन्होंने अमेरिका के किसी भी राज्य या वाशिंगटन डीसी में बार परीक्षा पास की है या वे किसी स्टेट बार की रजिस्टर्ड सदस्य हैं।
कैलिफोर्निया स्टेट बार ने क्या कहा?
उधर, जब सवाल खड़े होने शुरू हुए तब कैलिफोर्निया स्टेट बार के प्रवक्ता रिक कोका का बयान सामने आया। उन्होंने साफ कर दिया कि उनके पास केटी शेरोन जकारिया या उनके किसी भी विवाहित/विवाहित पूर्व नाम से लाइसेंस प्राप्त होने का कोई रिकॉर्ड नहीं है। इतना ही नहीं जांच में सामने आया कि अमेरिका के किसी भी 50 राज्यों में उनका ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है।
चीन से वकालत का कनेक्शन
इस मामले में जब पत्रकारों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पूछा कि जकारिया ने किस राज्य से बार परीक्षा पास की है, तो ट्रंप ने जकारिया को जवाब देने के लिए माइक सौंप दिया। इस पर जकारिया ने जवाब दिया कि जब मैं चीन गई थी.... हालांकि मरीन वन हेलीकॉप्टर के शोर के बीच उनका यह अधूरा वाक्य स्पष्ट नहीं हो पाया कि वे क्या कहना चाहती थीं।
अच्छा, इसी बीच एक दावा भी खूब चर्चा में है। दावा यह है कि जकारिया ने 2011 से 2013 के बीच बीजिंग की 'झोंग लुन लॉ फर्म' में काम किया था। हालांकि इस बात में भी कोई दोराय नहीं है कि चीन की 'नेशनल यूनिफाइड लीगल प्रोफेशनल क्वालिफिकेशन एग्जामिनेशन' बेहद कठिन होती है और इसे केवल चीनी नागरिक ही दे सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता और व्हाइट हाउस का बचाव
विवाद बढ़ने के बाद व्हाइट हाउस ने जकारिया का पक्ष रखते हुए उनके शैक्षणिक और पेशेवर रिकॉर्ड का हवाला दिया। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, जकारिया ने 2007 में पेपरडाइन यूनिवर्सिटी से बीए और 2011 में पेपरडाइन कारुसो स्कूल ऑफ लॉ से अपनी कानून की डिग्री प्राप्त की है।
इस मामले में व्हाइट हाउस के संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने उनका बचाव करते हुए कहा कि जकारिया अमेरिकी लोगों को ट्रंप प्रशासन के कार्यों के बारे में जानकारी देने के लिए अद्वितीय रूप से योग्य और बेहद तेज-तर्रार हैं और वह प्रेस सचिव के रूप में शानदार काम करेंगी।
अब जकारिया का पक्ष भी समझिए
बात अब जकारिया का इस मामले में पक्ष को समझें तो उन्होंने अपने बयान में कहा कि मैंने सभी उचित योग्यताओं के साथ अंतरराष्ट्रीय लेनदेन कानून की प्रैक्टिस की है।
कानूनी शिकंजा- स्टेट बार में शिकायत दर्ज
गौरतलब है कि मामला सिर्फ बयानों तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि कानूनी रूप से भी तूल पकड़ चुका है। वॉचडॉग ग्रुप 'कैंपेन फॉर अकाउंटेबिलिटी' (CfA) ने कैलिफोर्निया स्टेट बार में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
इस शिकायत में मांग की गई है कि इस बात की जांच की जाए कि क्या जकारिया ने बिना लाइसेंस के खुद को वकील बताकर कैलिफोर्निया के कानूनों का उल्लंघन किया है और जनता को गुमराह किया है। कैलिफोर्निया के नियमों के तहत, बिना लाइसेंस के खुद को वकील कहना अपराध की श्रेणी में आ सकता है।
