वर्क फॉर्म होम के दौरान बॉस ने लैपटॉप में लगवाए कैमरे, 23 कर्मचारियों ने छोड़ी नौकरी
अमेरिकी अरबपति वकील जॉन मॉर्गन ने वर्क फ्रॉम होम कर्मचारियों की उत्पादकता जांचने के लिए उनके लैपटॉप में कैमरे लगवाए। ...और पढ़ें

बॉस ने लैपटॉप में लगाए कैमरे तो 23 कर्मचारियों ने दिया इस्तीफा (यह तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।)
HighLights
जॉन मॉर्गन ने WFH कर्मचारियों के लैपटॉप में कैमरे लगवाए।
निगरानी के कारण पहले हफ्ते में 23 कर्मचारियों ने इस्तीफा दिया।
इस घटना से कर्मचारियों की प्राइवेसी पर बहस तेज हुई।
डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। वर्क फ्रॉम होम (WFH) कर्मचारियों को सुविधा और आजादी जरूर दी, लेकिन अब यही व्यवस्था निगरानी और प्राइवेसी को लेकर एक बार फिर वैश्विक स्तर पर बहस खड़ी कर दी है।
दरअसल, अमेरिका के मशहूर अरबपति वकील जॉन मॉर्गन ने खुलासा किया है कि जब उन्होंने घर से काम कर रहे कर्मचारियों की प्रोडक्टिविटी चेक करने के लिए उनके लैपटॉप में कैमरे लगवाए, तो पहले ही हफ्ते 23 कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया।
मॉर्गन का तर्क है कि लोग काम से जी चुराने के लिए WFH चाहते हैं, वहीं इस कदम के बाद सोशल मीडिया पर कर्मचारियों के अधिकारों और प्राइवेसी के हनन को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई है।
23 लोगों ने नौकरी छोड़ दी
जॉन मॉर्गन ने बताया कि महामारी के बाद कार्यालय लौटने के विचार का अधिकांश लोगों ने विरोध किया। जब कर्मचारियों ने कार्यालय लौटने से इनकार कर दिया, तो उन्होंने उन्हें घर से काम जारी रखने का विकल्प दिया, लेकिन कड़ी निगरानी के साथ। उन्होंने कहा कि कंपनी ने घर से काम करने वाले कर्मचारियों के लैपटॉप पर कैमरे लगाए हैं।
जॉन मॉर्गन ने कहा, "आप घर से काम कर सकते हैं। लेकिन क्या होगा? हम आपके कंप्यूटर पर कैमरा लगाएंगे। हम आपके पीछे भी कैमरा लगाएंगे। हम आपकी तरफ नहीं देखेंगे। बस एक पिक्सेल दिखेगा। हले ही हफ्ते में 23 लोगों ने नौकरी छोड़ दी। हे भगवान! ऐसा नहीं है कि वे घर से काम नहीं करना चाहते। वे काम ही नहीं करना चाहते।"
उन्होंने कहा कि कि कंपनी कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दे रही थी, लेकिन साथ ही यह भी सुनिश्चित करना चाहती थी कि काम के दौरान कर्मचारी वास्तव में अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं, क्योंकि कर्मचारी केवल घर से काम करने की सुविधा नहीं चाहते थे - वे काम के उस स्तर या जवाबदेही को नहीं चाहते थे जिसकी उनसे अपेक्षा की जाती थी।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस
मॉर्गन की बात सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने कहा कि अगर किसी को यह डर हो कि कंपनी काम के घंटों के बाद भी कैमरे के जरिए उसे देख सकती है, तो वह ऐसी नौकरी छोड़ना पसंद करेगा।
एक यूजर ने लिखा, "मैं नहीं चाहता कि कोई मेरे घर की चारदीवारी में मेरी निगरानी करे। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं काम नहीं करना चाहता।"
एक यूजर ने लिखा, "एक अच्छा नियोक्ता अपने कर्मचारियों की उत्पादकता का अंदाजा उनके कार्यों के परिणामों से लगाता है, न कि उनके द्वारा किए गए टाइपिंग स्पीड या कैमरे से निगरानी से। मैं भी नौकरी छोड़ देता।"
