America : कैलिफोर्निया और फ्लोरिडा समेत 27 राज्यों के लोगों की यात्रा को लेकर जारी किए गए जरूरी दिशा-निर्देश
कैलिफोर्निया फ्लोरिडा उत्तर और दक्षिण कैरोलिना टेक्सास वॉशिंगटन जॉर्जिया और डेलावेयर समेत 27 राज्यों के यात्रा करने वाले लोगों के लिए सेल्फ-क्वारंटाइन आवश्यक है।
वॉशिंगटन डीसी, स्तुपनिक/एएनआइ। अमेरिका की राजधानी शहर की स्वास्थ्य एजेंसी ने 27 राज्यों से यात्रा करके आने वाले लोगों के लिए 14 दिनों का क्वारंटाइन अनिवार्य कर दिया है। ये 27 वो राज्य हैं जिनमें कोरोना के मामले ज्यादा हैं। एजेंसी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, "27 जुलाई से कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों से गैर-आवश्यक गतिविधियों के लिए यात्रा करने वालों को 14 दिनों के लिए सेल्फ-क्वारंटाइन में रहना होगा।" इन 27 राज्यों की लिस्ट में कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा, उत्तर और दक्षिण कैरोलिना, टेक्सास, वॉशिंगटन, जॉर्जिया और डेलावेयर जैसे राज्यों को शामिल किया गया है। वॉशिंगटन डीसी स्वास्थ्य विभाग 10 अगस्त को इस सूची को अपडेट करेगा। बयान के मुताबिक, सोमवार तक वॉशिंगटन में कोरोना के संक्रमण के कुल 11,858 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 582 लोगों की मृत्यु इस वायरस के कारण हो चुकी है।
बता दें कि संक्रमित मरीजों के मामले में फ्लोरिडा ने न्यूयॉर्क प्रांत को पीछे छोड़ दिया है। यहां 4.14 लाख लोग संक्रमित हैं और पांच हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। वहीं न्यूयॉर्क में संक्रमित मरीजों की तादाद 4.11 से अधिक है जबकि सबसे अधिक आबादी वाले कैलिफोर्निया प्रांत में 4.40 लाख से ज्यादा मरीज हैं। अमेरिका में सबसे अधिक कोरोना से मौतें न्यूयॉर्क प्रांत में हुई हैं। वहां अब तक 32 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
जानकारी के लिए बता दें कि कोरोना वायरस के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाला देश अमेरिका है। अमेरिका में कोरोना वायरस के अब तक 42,88,012 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 1,48,009 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। अमेरिका के बाद ब्राजील ऐसा देश है जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या काफी ज्यादा है और तीसरे स्थान पर भारत है। वहीं दुनियाभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 64 लाख तक पहुंच गई है। अमेरिका की जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, विश्व में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1,64,09,902 हो गई है। वहीं, अब तक कोरोना के कारण 6,52,531 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।