विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका में विवेक रामास्वामी की विवादित पोस्ट पर सियासी घमासान, सपोर्ट में जेडी वेंस ने कहा- रोना बंद करो

Published: Thu, 22 Oct 2026 10:54 AM (IST)

अमेरिका में ओहियो के रिपब्लिकन गवर्नर पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी अपने एक विवादित विज्ञापन को लेकर आलोचनाओं में घिर गए हैं।

विवेक रामास्वामी के समर्थन में जेडी वेंस (फोटो-रॉयटर्स)

विवेक रामास्वामी के समर्थन में जेडी वेंस (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. विवेक रामास्वामी का एमी एक्टन पर विवादित विज्ञापन।

  2. जेडी वेंस ने रामास्वामी के विज्ञापन का किया बचाव।

  3. रिपब्लिकन नेताओं से चुनाव पर ध्यान देने का आग्रह।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में ओहियो के रिपब्लिकन गवर्नर पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी अपने एक पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी एमी एक्टन को लेकर विवादित पोस्ट शेयर किया।

इस पोस्ट को शेयर करने के बाद विवेक रामास्वामी की काफी आलोचना हो रही है। वहीं सिर्फ विपक्षी नेता ही नहीं, बल्कि उनकी पार्टी के नेता भी इस पोस्ट पर उन्हें घेर रहे हैं। लेकिन इस बीच उन्हें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस का समर्थन मिला है।

जेडी वेंस ने अपनी पार्टी के लोगों से इस पोस्ट पर ध्यान न देने के लिए कहा और साफ तौर पर कहा कि ऐसे मामलों में ध्यान देने की बजाय चुनाव पर फोकस करें।

विवेक रामास्वामी के सपोर्ट में जेडी वेंस

जेडी वेंस ने इस विवाद पर पहली बार बुधवार को सिनसिनाटी के पास एक चुनावी रैली में अपनी बात रखी। वेंस ने कहा, 'मुझे यह देखकर बहुत निराशा होती है कि देश भर के रिपब्लिकन नेता उस विज्ञापन को लेकर इतना रो-धोना कर रहे हैं, जबकि उन्हें इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि डेमोक्रेट्स अमेरिका के साथ क्या करना चाहते हैं।'

एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, वेंस ने डेमोक्रेट्स पर आरोप लगाते हुए कहा, 'डेमोक्रेट्स ने विवेक के खिलाफ हर तरह के हथकंडे अपनाए हैं। यहां तक कि उन्हें हत्यारा तक कहा है। वहीं, विवेक पूरे समय मजबूती से डटे रहे और अपनी योजनाओं के बारे में बात करते रहे।'

वेंस ने आगे कहा, 'ओहियो राज्य में मीडिया और डेमोक्रेट्स इस बात से बौखलाए हुए हैं कि विवेक रामास्वामी ने एक ऐसा टीवी विज्ञापन चलाने की हिम्मत दिखाई, जिसमें उन्होंने सच को सामने रखा और एमी एक्टन को झूठा बताया।'

वेंस ने आगे कहा, 'मेरी अपने साथी रिपब्लिकन नेताओं से यही अपील है कि अगर आप सच में उन बातों पर विश्वास करते हैं जिनका आप दावा करते हैं, तो एक विज्ञापन को लेकर रोना-धोना बंद करें और 13 दिनों में चुनाव जीतकर दिखाएं।'

रामास्वामी के विवादित पोस्ट से सियासी घमासान

अमेरिकी राजनीतिक अभियानों में लंबे समय से एक सिद्धांत चला आ रहा है कि अगर आप मतदाताओं को यह यकीन नहीं दिला सकते कि आप इस पद के लिए सबसे सही व्यक्ति हैं, तो उन्हें यह जरूर समझा दें कि आपका विरोधी एक बहुत बुरा इंसान है। विवेक रामास्वामी ने भी इस चुनाव में कुछ ऐसा ही करने की कोशिश की है।

विवेक रामास्वामी ने चुनाव जीतने के लिए 40 लाख डॉलर के एक चुनावी विज्ञापन का सहारा लिया है। इस विज्ञापन में उनके डेमोक्रेटिक विरोधी एमी एक्टन की अपनी ही मां को दिखाया गया है, जो अपनी बेटी को झूठी बता रही हैं। इस विज्ञापन की हर तरफ आलोचना हो रही है।

इस विज्ञापन में एमी एक्टन के बचपन के बेहद दर्दनाक अनुभवों को घसीटा गया है, जिसमें उनके सौतेले पिता द्वारा की गई उपेक्षा और यौन शोषण जैसी घटनाएं शामिल थीं, जिसके कारण उन्हें अपनी मां की कस्टडी से हटा दिया गया था। यह सब ऐसे समय में किया गया है जब रामास्वामी अधिकांश जनमत सर्वे में पीछे चल रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अब न्यू मेक्सिको का नाम बदलकर न्यू अमेरिका करना चाहते हैं ट्रंप, सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उड़ाया मजाक