शिकागो में नहीं थम रही हिंसा, पुलिस की गोलीबारी के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग
पुलिस अधीक्षक डेविड ब्राउन ने बताया कि हिंसाग्रस्त क्षेत्र में 400 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
शिकागो, एजेंसियां। अमेरिका के शिकागो शहर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस द्वारा शहर के दक्षिणी हिस्से में की गई गोलीबारी के विरोध में सोमवार को लोग सड़कों पर उतर आए। इस दौरान हिंसा पर उतारू भीड़ ने ना केवल कई व्यवसायिक स्थानों में तोड़फोड़ की बल्कि जमकर लूटपाट भी की। उपद्रव रविवार को उस समय शुरू हुआ जब पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को उस समय गोली मार दी जब उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए अधिकारियों पर गोली चलाई।
पुलिस अधीक्षक डेविड ब्राउन ने बताया कि हिंसाग्रस्त क्षेत्र में 400 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस ने 100 लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि 13 अधिकारी घायल हुए हैं। एक अधिकारी पर बोतल से हमला किया गया था।
पुलिस ने बरामद की पांच बंदूकें: पुलिस अधीक्षक ब्राउन
ब्राउन ने इस बात को सिरे से खारिज किया कि अराजकता एक संगठित विरोध का हिस्सा थी। उन्होंने इसे शुद्ध आपराधिक गतिविधि बताते हुए कहा कि इसमें ऐसे लोग शामिल थे, जिन्होंने पुलिस पर फायरिंग की थी। उन्होंने कहा कि फायरिंग में कोई भी अधिकारी घायल नहीं हुआ है, लेकिन एक सुरक्षाकर्मी और एक नागरिक को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पांच बंदूकें भी बरामद की हैं।
फेसबुक में शेयर किए जा रहे वीडियों से बढ़ा तनाव
मेयर लोरी लाइटफुट ने इस बात से सहमति जताई है कि हिंसा का विरोध-प्रदर्शन से कोई लेनादेना नहीं है। यह सीधे-सीधे गुंडागर्दी है। यह हमारे शहर पर सीधा हमला है। फेसबुक पर चल रहे एक वीडियो से भी शहर में तनाव बढ़ा। वीडियो में दावा किया गया था कि शिकागो पुलिस ने 15 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी है। यह वीडियो रविवार शाम साढ़े छह बजे पोस्ट किया गया था, जिसे सोमवार सुबह तक लगभग एक लाख बार देखा जा चुका था।