अमेरिका में पुलिस कस्टडी में अश्वेत की हत्या के बाद हिंसा, आरोपी पुलिस अधिकारी समेत 4 बर्खास्त
घटना का वीडियो सामने आते ही शहर की अश्वेत आबादी सड़कों पर उतर आई और उसने तोड़फोड़ लूटपाट और आगजनी शुरू कर दी।
मीनियापोलिस, रायटर। अमेरिका में हिरासत अश्वेत व्यक्ति की मौत के बाद लोग गुस्से से उबल पड़े हैं। प्रतिक्रिया स्वरूप मीनियापोलिस शहर में लगातार दूसरी रात बड़े पैमाने पर लूट, आगजनी और हिंसा जारी रही। शहर के मेयर ने सरकार ने अविलंब नेशनल गार्ड्स की तैनाती की मांग की है। हिरासत में हत्या का आरोप एक श्वेत पुलिस अधिकारी है, जो एक वीडियो में अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड (46) का घुटने से गला दबाते दिख रहा है। गुस्साए लोग इसे नस्लीय अपराध मान रहे हैं।
वीडियो में दिखाया गया है कि सोमवार रात को पुलिस अधिकारी और फ्लॉयड में भिड़ंत हो गई। जिस समय यह घटना हुई उस समय फ्लॉयड हथकड़ी पहने हुए था। उसे कम धनराशि के बिल में हेराफेरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। भिड़ंत के दौरान पुलिस अधिकारी ने फ्लॉयड को नीचे गिराकर घुटने से उसकी गर्दन दबा ली। वीडियो में सुनाई दे रहा है कि फ्लॉयड कहता रहा कि उसे सांस नहीं ले पा रहा है। लेकिन पुलिस अधिकारी ने उसे तब तक नहीं छोड़ा, जब तक कि उसका दम नहीं निकल गया।
घटना का वीडियो सामने आते ही शहर की अश्वेत आबादी सड़कों पर उतर आई और उसने तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी शुरू कर दी। पुलिस ने अपने अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पुलिस अधिकारी और मौके पर मौजूद उसके तीन सहयोगियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया लेकिन हिंसा नहीं रुकी। हजारों की संख्या में लोग चेहरा ढंककर हिंसा कर रहे हैं। पुलिस आंसू गैस, प्लास्टिक बुलेट और लाठीचार्ज से हिंसा को नियंत्रित करने में नाकामयाब रही है। छतों पर मोर्चा जमाए पुलिसकर्मियों को लोग घेरकर पथराव कर रहे हैं।
हॉलीवुड कलाकारों ने की न्याय की मांग
हॉलीवुड स्टार एनी हेथवे, जॉन बोयेगा, वियोला डेविस और जस्टिन बीबर ने फ्लॉयड के मामले में न्याय होने की मांग की है। उन्होंने अश्वेतों के साथ पुलिस के व्यवहार पर भी असंतोष जताया है।