क्लिंटन फेलोशिप फॉर सर्विस के लिए 3 लाख डॉलर किए इकट्ठे
विलियम जे क्लिंटन फेलोशिप भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को बेहतर बनाने पर काम करता है।
वाशिंगटन, पीटीआइ। अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन ने भारत में अपनी विलियम जे क्लिंटन फेलोशिप फॉर सर्विस के लिए तीन लाख अमेरीकी डॉलर इकट्ठे किए हैं।
इस बाबत कोष इकट्ठा करने का कार्यक्रम वाशिंगटन डीसी के उपनगर मैरीलैंड में सप्तहांत में आयोजित हुआ था। इस कार्यक्रम में अमेरिका में भारतीय राजदूत नवतेज सरना और अन्य लोगों ने शिरकत की थी। एआइएफ क्लिंटन फेलोशिप एक स्वैच्छिक सेवा कार्यक्रम है जो समूचे भारत के विकास संगठनों और उपक्रमों को अमेरिका और भारत के युवा पेशेवरों से जोड़ता है।
क्लिंटन फैलोशिप, भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को बेहतर बनाने पर काम करता है। संगठन सेवा के कार्यों में लगा हुआ है और भारत में हाशिए रह रहे समुदायों के जीवन को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। 2001 में गुजरात में आए भूकंप के कारण हुई तबाही के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और भारत के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने विश्व के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों से जुड़ने वाले एक परोपकार मंच की आवश्यकता को स्वीकार किया। इसके बाद एआइएफ अस्तित्व में आया और यह अब तक 3.1 मिलियन से अधिक लोगों की जिंदगी बदल चुका है।
यह भी पढ़ें: भाविप ने बालदिवस पर करवाई देशभक्ति भाषण व संगीत प्रतियोगिता