शपथ के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने किया ट्वीट, सेवा के लिए तैयार
चेन्नई निवासी प्रवासी भारतीय की बेटी कमला हैरिस (US Vice President kamala Harris) ने अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति बनकर इतिहास रच दिया है। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली अश्वेत एवं पहली एशियाई अमेरिकी भी हैं।
वाशिंगटन, प्रेट्र। भारतीय मूल की कमला देवी हैरिस ने ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बुधवार को अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। हैरिस (56) अमेरिका की 49वीं उपराष्ट्रपति हैं। वह राष्ट्रपति जो बाइडन (78) के साथ काम करेंगी। शपथ लेने के बाद भारतीय मूल की कमला देवी हैरिस ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, 'सेवा के लिए तैयार।'
Ready to serve.
— Vice President Kamala Harris (@VP) January 20, 2021
कमला के उपराष्ट्रपति बनते ही उनके 56 वर्षीय पति डगलस एम्हाफ अमेरिका के सेकेंड जेंटलमैन बन गए हैं। वह अमेरिका में उपराष्ट्रपति के पहले पुरुष जीवनसाथी हैं। इंडियास्पोरा के संस्थापक एमआर रंगास्वामी ने कहा, 'जब मैंने भारतीय अमेरिकी महिला को अमेरिका के उपराष्ट्रपति पद की शपथ ग्रहण करते हुए देखा तो मेरे रोंगटे खड़े हो गए थे। सिर्फ यहीं पर एक भारतीय प्रवासी की बेटी अपने सपनों को पूरा कर सकती है और उससे भी ज्यादा हासिल कर सकती है। वह मेरी बेटियों और देशभर की कई अन्य युवा लड़कियों के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।' बता दें कि कमला हैरिस भारतीय मां और अफ्रीकी-अमेरिका पिता की बेटी हैं।
ट्रंप की जगह हैरिस ने दी पेंस को विदाई
उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने बुधवार को उस भूमिका का भी निर्वाह किया जिसका निर्वाह आमतौर पर निवर्तमान राष्ट्रपति करते हैं। अपने पूर्ववर्ती माइक पेंस को विदा करने के लिए हैरिस और उनके पति एम्हाफ संसद भवन की सीढि़यों पर खड़े रहे। पेंस दंपती के कार में बैठने से पहले दोनों दंपती काफी देर तक वहां खड़े होकर हंसते और बातें करते रहे।