रूस का सामना करने के लिए यूक्रेन के वित्तीय मदद में इजाफा करेगा अमेरिका
नौसेना की शक्ति बढ़ाने के लिए वित्तीय सहायता में 70 करोड़ का इजाफा करने का लिया फैसला।
वाशिंगटन, आइएएनएस। अमेरिका ने यूक्रेन को रूस का सामना करने के लिए दी जा रही वित्तीय मदद में इजाफा करने का फैसला किया है। इसकी जानकारी देते हुए अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन की नौसेना की शक्ति बढ़ाने के लिए उसे अलग से एक करोड़ डॉलर (करीब 70 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे। दरअसल, पिछले महीने क्रीमिया और रूस को जोड़ने वाले कर्च जलमार्ग पर रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के तीन नौसैनिक जहाज को कब्जे में लेकर 24 नाविकों को बंदी बना लिया था। इसी घटना के जवाब में अमेरिका ने यूक्रेन की नौसैन्य शक्ति बढ़ाने के लिए मदद देने का फैसला किया है।
यूक्रेन में अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि कर्ट वोल्कर ने कहा कि अगले साल अमेरिका, यूक्रेन को 25 करोड़ डॉलर (करीब 1753 करोड़ रुपये) की वित्तीय सहायता देगा। 2014 में रूस द्वारा क्रीमिया पर कब्जा किए जाने के बाद से अमेरिका कथित तौर पर यूक्रेन को एक अरब डॉलर (करीब सात हजार करोड़ रुपये) की मदद दे चुका है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, लिथुआनिया और ब्रिटेन भी यूक्रेन को दी जा रही सुरक्षा सहायता बढ़ाएंगे। उल्लेखनीय है कि रूस कई बार अमेरिका पर पश्चिमी यूरोपीय देशों की सहायता करने का आरोप लगा चुका है। उसका कहना है कि अमेरिका उस पर अतिक्रमण का झूठा आरोप लगाकर देशों के साथ सैन्य सहयोग बढ़ाता है। क्रीमिया में रूस की गतिविधियों का बचाव करते हुए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, क्रीमिया रूस का हिस्सा है, इसलिए राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से वहां अपनी सैन्य नीतियां लागू करना हमारा हक है।