अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन अगले सप्ताह आएंगे भारत, पाकिस्तान भी जाएंगे
रेक्स टिलरसन सबसे पहले सऊदी अरब जाएंगे। वहां टिलरसन सऊदी अरब और इराक की सरकारों के बीच समन्वय परिषद की बैठक में शामिल होंगे।
वाशिंगटन, आइएएनएस। अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन की विदेश यात्रा आज से शुरू हो रही है और ये 27 अक्टूबर तक चलेगी। इसकी जानकारी अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दी। टिलरसन अपनी इस विदेश यात्रा के दौरान अगले सप्ताह भारत आएंगे और पाकिस्तान भी जाएंगे।
रेक्स टिलरसन सबसे पहले सऊदी अरब जाएंगे। वहां टिलरसन सऊदी अरब और इराक की सरकारों के बीच समन्वय परिषद की बैठक में शामिल होंगे। यहां टिलरसन सऊदी नेताओं से भी मिलेंगे और यमन संघर्ष और इरान विवाद समेत कई मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
सऊदी अरब के बाद वह कतर जाएंगे, जिसके बाद वह पाकिस्तान पहुंचेंगे। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीथर नॉर्त ने कहा कि टिलरसन अपने भारत प्रवास के दौरान दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी तथा सुरक्षा एवं समृद्धि पर समन्वय को मजबूत करने को लेकर भारतीय नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने अपने संबोधन में भारत को अमेरिका के लिए एक अवसर करार दिया है. इस बीच, टिलरसन ने कहा कि एक स्थायी और शांतिपूर्ण अफगानिस्तान से भारत और पाकिस्तान के रिश्तों के लिए बेहतर स्थिति बनाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: पहला बम गिरने तक उ. कोरिया के साथ जारी रखेंगे राजनयिक प्रयास- अमेरिका