2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप से जुड़े कागजात होंगे सार्वजनिक, ट्रंप का आदेश
3 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव है और फिर से 2016 राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप का मुद्दा गरमा रहा है। अब राष्ट्रपति ट्रंप ने उस मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों को सार्वजनिक करने का आदेश दे दिया है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने मंगलवार को आदेश दिया कि 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में कथित रूस के दखलंदाजी से संबंधित सभी कागजातों को पूरी तरह सार्वजनिक कर दिया जाए। राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, 2016 के चुनावों में रूस के हस्तक्षेप की बात फर्जी है। मंगलवार रात एक ट्वीट में ट्रंप ने कहा, 'मैंने अमेरिका के इतिहास में सबसे बड़े राजनीतिक अपराध से जुड़े सभी कागजातों को सार्वजनिक करने का आदेश दे दिया है। हिलेरी क्लिंटन के इमेल स्कैंडल की तरह। कोई छूट नहीं!'
नेशनल इंटेलीजेंस के डायरेक्टर ने कुछ कागजातों को सार्वजनिक कर दिया जिसके कुछ घंटों बाद ट्रंप ने यह ऐलान किया। हाथों से लिखे गए इन कागजातों में पूर्व CIA डायरेक्टर जॉन ब्रेनन (Director John Brennan) ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा (former President Barack Obama) को हिलेरी क्लिंटन की कथित योजना के बारे में विस्तार से बताया है जो 2016 में डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार थीं। इसमें ट्रंप को रूस के साथ जोड़ने की बात कही गई है ताकि जनता का ध्यान उनके प्राइवेट इमेल सर्वर के इस्तेमाल से हट सके। यह जानकारी फॉक्स न्यूज ने दी है। ट्रंप का दावा है 'नए दस्तावेजों में साबित हो चुका है कि रूस ने 2016 के चुनाव में हस्तक्षेप किया था। दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि ऐसा हिलेरी क्लिंटन के कहने पर किया गया, न कि मेरे कहने पर।'
पिछले माह के अंत में राष्ट्रपति ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी पर आरोप लगाया था कि नए दस्तावेजों के अनुसार रूस ने 2016 में राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन की तरफ से चुनाव में दखल दिया था। वर्ष 2016 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान रूस का कथित दखल राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ बड़े मुद्दों में से एक था और शुरुआती कार्यकाल के दौरान उनपर महाभियोग भी चलाया गया था, जो असफल रहा। डेमोक्रेटिक पार्टी का आरोप था कि राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप की ओर से हस्तक्षेप किया था। वर्जीनिया के न्यूपोर्ट में रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी रैली में ट्रंप ने कहा कि मैंने चार साल तक इन आरोपों का सामना किया जबकि मैंने कभी ऐसा नहीं किया अब यह साबित हो गया कि रूस ने उनके लिए चुनाव में दखल दिया था।