अमेरिका में क्यों कराए जाते हैं मिड-टर्म चुनाव, क्या है इसका मतलब? ट्रंप के भविष्य के लिए कितना खतरा
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के ठीक दो साल बाद होने वाले 'मिड-टर्म चुनाव' अमेरिकी राजनीति का वह सबसे बड़ा लिटमस टेस्ट ...और पढ़ें

अमेरिका मिड-टर्म चुनाव 2026।
HighLights
अमेरिका में मिड-टर्म चुनाव राष्ट्रपति के शुरुआती दो साल का रिपोर्ट कार्ड।
सत्ताधारी पार्टी को अक्सर करना पड़ा है मिड-टर्म में हार का सामना।
हारने पर राष्ट्रपति की शक्ति सीमित, जांच का भी खतरा।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राजनीतिक व्यवस्था दुनिया की सबसे दिलचस्प और जटिल प्रणालियों में से एक है। यहां हर चार साल पर राष्ट्रपति का चुनाव होता है, लेकिन ठीक दो साल बाद यानी राष्ट्रपति के कार्यकाल के बीच में एक और बड़ा चुनाव कराया जाता है, जिसे 'मिड-टर्म चुनाव' कहा जाता है।
यह चुनाव अमेरिकी लोकतंत्र का वह मोड़ है, जो तय करता है कि व्हाइट हाउस की ताकत पर लगाम लगेगी या उसे और पंख मिलेंगे। अगले महीने यानी नवंबर की तीन तारिख को भी अमेरिका में मिड-टर्म के चुनाव होने जा रहे हैं।
वर्तमान स्थिति की बात करें तो ट्रंप प्रशासन और रिपब्लिकन पार्टी के लिए भी यह महासंग्राम 'करो या मरो' जैसा है। अमेरिकी इतिहास इस बात का गवाह है कि अमूमन इस चुनाव में सत्ताधारी पार्टी को हार का सामना करना ही पड़ता है।
ऐसे में अब सवाल है कि आखिर ये मिड-टर्म चुनाव कराए क्यों जाते हैं? इसका मतलब क्या होता है? अगर वर्तमान राष्ट्रपति की पार्टी को इस चुनाव में कम सीटें आई है तो क्या होगा? और सबसे बड़ा सवाल 2026 में डोनल्ड ट्रंप के राजनीतिक भविष्य के लिए इसके क्या मायने हैं? आइए जानते हैं।
पहले जानिए क्यों कराए जाते हैं मिड-टर्म चुनाव?
अमेरिकी संविधान के अनुसार राष्ट्रपति का कार्यकाल चार साल का होता है, जबकि कांग्रेस (संसद) के दोनों सदनों के सदस्यों का कार्यकाल अलग-अलग तय होता है।
- प्रतिनिधि सभा- इसके सभी 435 सदस्यों का चुनाव हर दो साल पर होता है। यानी राष्ट्रपति के चुनाव के साथ भी और ठीक दो साल बाद मिड-टर्म में भी।
- सीनेट- इसमें 100 सीटें होती हैं और सीनेटर्स का कार्यकाल 6 साल का होता है। हर दो साल पर एक-तिहाई यानी लगभग 33 से 35 सीटों पर चुनाव होते हैं।
अब इसका मायने भी जानिए
इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि मिड-टर्म चुनाव असल में मौजूदा राष्ट्रपति के शुरुआती दो साल के कामकाज पर जनता का 'रिपोर्ट कार्ड' होता है। अमेरिकी जनता इन चुनावों के जरिए यह तय करती है कि राष्ट्रपति की नीतियों से वे संतुष्ट हैं या नहीं।
इसके जरिए संसद में सत्ता संतुलन को बदला जा सकता है। अगर जनता राष्ट्रपति से नाराज है, तो वह विपक्षी दल को बहुमत देकर संसद की कमान सौंप सकती है।
अमेरिकी इतिहास इस चुनाव को लेकर क्या कहता है?
देखिए, अब इस बात में भी कोई दोराय नहीं है कि अमेरिकी इतिहास का यह एक ऐसा कड़वा सच है जिसे 'मिड-टर्म का अभिशाप' कहा जाता है। अमूमन देखा गया है कि जो पार्टी व्हाइट हाउस में होती है यानी राष्ट्रपति की पार्टी, उसे मिड-टर्म चुनावों में हार का सामना करना ही पड़ता है।
आंकड़े क्या कहते हैं?
बात अब आंकड़ों की करें तो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के इतिहास को देखें, तो लगभग 90% बार साफ-शब्दों में कहे तो 20 में से 18 बार सत्ताधारी पार्टी को प्रतिनिधि सभा में सीटों का नुकसान उठाना पड़ा है। राष्ट्रपति की पार्टी औसतन हाउस में 26 सीटें और सीनेट में करीब 4 सीटें गंवा ही देती है।
ओबामा से बुश तक, सभी को लगा यह अभिशाप
इतिहास की बात तो हो गई, अब कुछ उदाहरण भी देखते हैं। देखिए समय था 2010 का... जब अमेरिका के राष्ट्रपति थे बराक ओबामा। उस समय भी जब अमेरिका में मिड-टर्म चुनाव हुआ, तब डेमोक्रेटिक पार्टी को भारी तबाही झेलनी पड़ी थी और ओबामा के शब्दों में यह उनकी पार्टी के लिए एक 'शेलैकिंग' यानी बड़ी हार थी, जहां उनकी पार्टी को हाउस में 63 सीटें गंवानी पड़ी थीं।
इससे पहले समय था 2006 का, जब अमेरिका के राष्ट्रपति थे जॉर्ज डब्ल्यू बुश। उस समय जब मिड-टर्म चुनाव हुआ तब इराक युद्ध की अलोकप्रियता के कारण बुश प्रशासन को झटका लगा और डेमोक्रेट्स ने संसद पर कब्जा कर लिया, जिसे बुश ने थंपिंग कहा था।
क्या कभी किसी राष्ट्रपति की पार्टी ने जीता है मिड-टर्म चुनाव?
इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि अमेरिकी इतिहास में ऐसे दुर्लभ मौके बहुत कम आए हैं जब राष्ट्रपति की पार्टी ने मिड-टर्म में सीटें जीती हों। जैसे 1934 में फ्रैंकलीन डी.रूजवेल्ट की पार्टी ने महान मंदी के दौरान 'न्यू डील' की लोकप्रियता के चलते इस चुनाव में जीत हासिल किया था।

ऐसा एक मौका 1998 में सामने आया। जब अमेरिका के राष्ट्रपति थें बिल क्लिंटन। उनकी इस जीत के पीछे कारण था उस समय की अमेरिका की मजबूत अर्थव्यवस्था और महाभियोग के विरोध में जनता की सहानुभूति। फिर समय आया 2002 का। जब राष्ट्रपति थें जॉर्ज डब्ल्यू बुश। 9/11 हमले के बाद राष्ट्रवादी एकजुटता' या रैली राउंड द फ्लैग प्रभाव के कारण उनकी जीत संभव हुई थी।
अगर राष्ट्रपति की पार्टी को हार मिलती है, तो क्या होगा?
इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि यदि मिड-टर्म चुनाव में राष्ट्रपति की पार्टी संसद में अपना बहुमत खो देती है, तो इसके अमेरिकी राजनीति पर दूरगामी और गंभीर परिणाम होते हैं।
'लैम डक' प्रेसिडेंट- यदि विपक्षी दल संसद के दोनों या किसी एक सदन पर कब्जा कर लेते हैं, तो राष्ट्रपति के लिए अपनी पसंद के कानून पास कराना असंभव सा हो जाता है। राष्ट्रपति नीतिगत रूप से लगभग पंगु हो जाते हैं।
सख्त जांच और महाभियोग का खतरा- संसद की कमेटियों की कमान विपक्ष के हाथ में आ जाती है। विपक्षी दल राष्ट्रपति, उनके मंत्रियों या परिवार के खिलाफ वित्तीय और राजनीतिक अनियमितताओं की अनगिनत जांच शुरू कर देते हैं। इतिहास गवाह है कि नियंत्रण बदलते ही राष्ट्रपति पर महाभियोग (Impeachment) तक के खतरे मंडराने लगते हैं।
नियुक्तियों पर रोक- राष्ट्रपति द्वारा जज, राजदूत और बड़े प्रशासनिक अधिकारियों के जो नाम मनोनीत किए जाते हैं, उन्हें सीनेट की मंजूरी नहीं मिल पाती। इससे सरकार का कामकाज ठप होने की कगार पर पहुंच जाता है।
वर्तमान में ट्रंप पर इसका क्या असर होगा?
बात अब वर्तमान समय की करें तो, अमेरिका की वर्तमान राजनीतिक और आर्थिक हालातों के बीच, यह मिड-टर्म चुनाव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी के लिए 'करो या मरो' की लड़ाई बन चुका है। ऐसे में यदि ट्रंप की पार्टी संसद में अपना नियंत्रण खो देती है, तो उनके बचे हुए कार्यकाल के घरेलू और आर्थिक एजेंडे जैसे टैक्स में छूट, सख्त आव्रजन नीतियां और बजट आवंटन बुरी तरह अटक जाएंगे।
सीनेट और हाउस की गणित भी समझिए
गौरतलब है कि प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन पार्टी के पास बहुत ही मामूली बहुमत है, जिसके फिसलने का खतरा सबसे ज्यादा है। ऐसे में यदि डेमोक्रेट्स हाउस पर कब्जा कर लेते हैं, तो ट्रंप प्रशासन के लिए हर कदम पर रोड़े अटक जाएंगे। वहीं सीनेट के चुनाव यह तय करेंगे कि ट्रंप की नीतियों का विरोध करने वाली ताकतें कितनी मजबूत होती हैं।
विदेश नीति पर भी होगा असर
अगर इस चुनाव में ट्रंप हारते हैं तो उनकी विदेश नीति पर भी गहरा असर पड़ेगा। इस बात को ऐसे समझिए कि ईरान संघर्ष, टैरिफ नीतियां और वैश्विक मंचों पर अमेरिका की भूमिका जैसे मुद्दों पर यदि कांग्रेस में विपक्ष मजबूत हुआ, तो ट्रंप के एकतरफा फैसलों पर कानूनी और वित्तीय ब्रेक लग सकते हैं। हालांकि ट्रंप वीटो पावर का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन संसद के कड़े विरोध से उनकी ताकत सीमित हो जाएगी।
2028 के राष्ट्रपति चुनाव की जमीन कैसी होगी?
इन सभी चिजों के अलावा 2026 का यह चुनाव इस बात की दिशा तय करेगा कि अमेरिका का राजनीतिक भविष्य किस करवट बैठेगा। ऐसे में यदि ट्रंप अपनी पार्टी को जिताने में नाकामयाब रहते हैं, तो पार्टी के भीतर ही उनके उत्तराधिकार और भविष्य की दिशा को लेकर घमासान तेज हो जाएगा।
