विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका: स्कूल की चौथी मंजिल से गिरकर छात्र की मौत, मारपीट और बुलिंग के वीडियो वायरल

Published: Thu, 01 Oct 2026 03:34 PM (IST)

लॉस एंजिल्स के बेंजामिन फ्रैंकलिन हाई स्कूल में चौथी मंजिल से गिरने से एक छात्र की मौत हो गई, जिसके बाद स्कूल को लॉकडाउन कर दिया गया।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. लॉस एंजिल्स के स्कूल में छात्र की चौथी मंजिल से गिरकर मौत।

  2. घटना के बाद स्कूल को कुछ समय के लिए किया गया लॉकडाउन।

  3. पुलिस बुलिंग और विवाद के दावों की गहराई से कर रही जांच।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका के लॉस एंजिल्स स्थित 'बेंजामिन फ्रैंकलिन हाई स्कूल' में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्कूल की इमारत की चौथी मंजिल से गिरने से एक छात्र की मौत हो गई। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 30 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे हाईलैंड पार्क इलाके में स्थित स्कूल परिसर में हुई। इस अचानक हुई दुर्घटना के बाद स्कूल को कुछ समय के लिए 'लॉकडाउन' कर दिया गया था।

किसी तरह की साजिश के नहीं मिले सबूत

बता दें कि मृतक छात्र एक लड़का था, लेकिन पुलिस ने अभी उसकी उम्र या नाम का खुलासा नहीं किया है। शुरुआती जांच में पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में किसी भी तरह की साजिश के कोई सबूत नहीं मिले हैं।

छात्रों और स्टाफ में शोक का माहौल

यह घटना चौथी क्लास के खत्म होने के ठीक आसपास हुई। इस अचानक हुए हादसे ने स्कूल के छात्रों और शिक्षकों को झकझोर कर रख दिया है। स्कूल की एक जूनियर छात्रा लेह डियाज ने बताया कि जब हम बाहर निकले, तो हर किसी के चेहरे पर डर, चिंता और मायूसी साफ दिख रही थी। लोग रो रहे थे। यह दिल को झकझोर देने वाला और बेहद दुखद है।

बुलिंग और मारपीट के दावे भी आने लगे सामने

गौर करने वाली बात यह है कि घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो और दावे सामने आ रहे हैं, जिनमें यह सवाल उठाया जा रहा है कि क्या गिरने से ठीक पहले वहां कोई झगड़ा या बुलिंग हुई थी?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक वीडियो में कथित तौर पर दो छात्र क्लासरूम के अंदर आपस में लड़ते नजर आ रहे हैं और एक शिक्षक उन्हें रोकने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद एक छात्र क्लास से बाहर भागता है और दूसरा उसका पीछा करता है। एक अन्य फुटेज में छात्र को चौथी मंजिल की रेलिंग से नीचे जाते हुए देखा जा सकता है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

वहीं इस मामले में फॉक्स 11 को एक गवाह ने बताया कि उसने बच्चों को लड़ते हुए सुना और देखा कि एक छात्र काफी बुरी तरह से प्रभावित हुआ और वह चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। एक अन्य छात्र ने बताया कि मरने वाला लड़का काफी शांत स्वभाव का था और क्लास में ज्यादा बात नहीं करता था।

पुलिस की जांच कहां तक पहुंची?

हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन वीडियो और बयानों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरने से ठीक पहले वास्तव में क्या हुआ था और क्या इसके पीछे वाकई बुलिंग या कोई विवाद था?