अमेरिका ने बोइंग-737 मैक्स जेट विमान से हटाया प्रतिबंध, फिर से उड़ान की मिली मंजूरी
अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बोइंग के 737 मैक्स विमान को फिर से उड़ान भरने के लिए मंजूरी दे दी है उसने करीब दो साल पहले दो घातक दुर्घटनाओं के बाद इस पर रोक लगा दी थी।
वाशिंगटन, रायटर। बोइंग कंपनी को अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने 737 मैक्स जेट उड़ाने की अनुमति दे दी है। दो हादसों के बाद कंपनी को करीब दो वर्षो तक छानबीन, कारपोरेट उथल-पुथल और वैश्विक नियामकों के साथ गतिरोध का सामना करना पड़ा। भारतीय विमानन नियामक डीजीसीए ने भारतीय आकाश में बोइंग 737 मैक्स विमानों को उड़ान भरने की अनुमति देने से पहले एफएए के फैसले का अध्ययन करने का निर्णय लिया है।
बोइंग को कामर्शियल उड़ानें बहाल करने से पहले अनिवार्य रूप से एफएए के विस्तृत साफ्टवेयर अपग्रेड करने के साथ प्रशिक्षण में बदलाव करना होगा। कमर्शियल उड़ान के इतिहास में अब तक सबसे लंबे अवधि यानी करीब 20 महीने तक बोइंग के ये विमान उड़ान नहीं भर सके।उल्लेखनीय है 2018 और 2019 में पांच महीने के अंतराल पर इंडोनेशिया और इथोपिया में 737 मैक्स क्रैश हुए थे। इन हादसों में 346 लोगों की जान गई थी जिसके बाद कई तरह की जांच का सिलसिला शुरू हो गया था।
वैश्विक उड्डयन अगुआ अमेरिकी कंपनी निशाने पर आ गई और बोइंग को करीब 20 अरब डॉलर (डेढ़ लाख करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ। प्रतिबंध हटने के बाद अमेरिकी विमान निर्माता कंपनी का यह बेस्ट सेलिंग जेट कोरोना से उत्पन्न चुनौतियों के बीच एक बार फिर कामर्शियल सेवा बहाल करेगा।
सरकारी वेबसाइट हैक करने वाला दबोचा गया
भारत में कर्नाटक पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) ने सरकारी वेबसाइटों में घुसपैठ करने वाले हैकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त कमल पंत ने बुधवार को कहा कि सीसीबी ने श्रीकृष्णा उर्फ श्रीकी को गिरफ्तार किया है। आरोपित कंप्यूटर साइंस में बैचलर है। उसने कई वेबसाइटों और ऑनलाइन गेमिंग पोर्टल्स को हैककर अनुचित लाभ उठाया है। उसने सरकारी वेबसाइटों में भी घुसपैठ का प्रयास किया।आरोपित ऑनलाइन पोकर गेम्स और बिटक्वाइन ऑनलाइन को भी हैक कर चुका है। उसने 2019 में कर्नाटक सरकार की ई-प्रोक्योरमेंट वेबसाइट हैक करने की बात स्वीकार की है। पंत के अनुसार, आरोपित 2014 से 2017 के बीच नीदरलैंड में रहा है।