अमेरिका: हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश पर 105 सांसद एकजुट, FBI से हेट क्राइम के एंगल से जांच की मांग
अमेरिका के इलिनोइस स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर पर नियो-नाजी द्वारा हमले की कथित साजिश पर 105 अमेरिकी सांसदों ने FBI को पत्र लिखा है।

अमेरिकी सांसदों ने ऑरोरा मंदिर हमले मामले की हेट क्राइम के तौर पर जांच की मांग की।
HighLights
105 अमेरिकी सांसदों ने FBI को पत्र लिखा।
ऑरोरा मंदिर पर नियो-नाजी हमले की साजिश।
मामले की हेट क्राइम के तौर पर जांच हो।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका के इलिनोइस स्थित ऑरोरा में श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) मंदिर पर एक नियो-नाजी (Neo-Nazi) द्वारा रची गई कथित गोलीबारी और हमले की साजिश को लेकर माहौल गरमा गया है।
भारतीय-अमेरिकी कांग्रेस सदस्य राजा कृष्णमूर्ति के नेतृत्व में 105 अमेरिकी सांसदों के एक बड़े समूह ने मंगलवार को FBI (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) के निदेशक कश पटेल को पत्र लिखकर इस मामले की जांच फेडरल हेट क्राइम के तौर पर करने की मांग की है। सांसदों ने अमेरिका में लगातार बढ़ रही भारत-विरोधी, हिंदू-विरोधी और दक्षिण एशियाई लोगों के प्रति नस्लीय नफरत पर गहरी चिंता जताई है।
घटना के समय मंदिर में मौजूद थे कृष्णमूर्ति
11 अक्टूबर को जब यह कथित साजिश रची गई और आरोपी को पकड़ा गया, उस समय भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति अपने परिवार के साथ उसी श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे। सांसदों ने अपने पत्र में लिखा, 'नस्लीय नफरल, धार्मिक स्थल और बड़े पैमाने पर हिंसा की तैयारी की यह मामला एक व्यापक संघीय कार्रवाई की मांग करता है।'
इस समूह में इलिनोइस हाउस के सभी डेमोक्रेटिक प्रतिनिधि, कांग्रेस के सभी भारतीय-अमेरिकी सदस्य और सीनेटर डिक डर्बिन, टैमी डकवर्थ, एंडी किम और क्रिस वैन होलेन शामिल हैं।
19 वर्षीय नियो-नाजी हमलावर गिरफ्तार
इस कथित साजिश के सिलसिले में 11 अक्टूबर को 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया गया था। अभियोजको के अनुसार, आरोपी ने मंदिर के बाहर एक व्यक्ति पर गोली चलाने की कोशिश की थी लेकिन ऐंड वक्त पर उसकी राइफल जाम हो गई।
खुद को नाजी विचारधारा का समर्थक मानने वाले पैपोराकिस ने एक 8 पन्नों का घोषणापत्र लिखा था, जिसमें हिंदू पूजा स्थल पर भारतीय मूल के लोगों को निशाना बनाने का जिक्र था।
जांचकर्ताओं ने उसके पास से एक राइफल, सैकड़ों कारतूस, बॉडी आर्मर (सुरक्षा कवच) और श्वेत वर्चस्ववादी सामग्री बरामद की है।
अमेरिका में ऑनलाइन नफरत की बाढ़
यह मांग ऐसे समय में आई है जब अमेरिका में दक्षिण एशियाई लोगों को निशाना बनाकर ऑनलाइन नफरत फैलाने को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। सितंबर 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच 'X' पर दक्षिण एशियाई लोगों के खिलाफ 542,000 से अधिक हेट पोस्ट दर्ज की गईं।
जनवरी 2024 से जून 2026 के बीच ऐसी नफरती पोस्ट्स की मासिक संख्या में लगभग 240% की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कार्नेगी एंडोमेंट' के सर्वे के मुताबिक, 2025 की शुरुआत से अब तक 48% भारतीय-अमेरिकियों को ऑनलाइन नस्लवादी पोस्ट का सामना करना पड़ा और हर चौथे व्यक्ति को अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया गया।
सांसदों ने FBI से पूछे सवाल
105 सांसदों के इस दल ने FBI को 29 अक्टूबर तक का समय देते हुए उनसे कुछ बिंदुओं पर लिखित जवाब मांगा है। सांसदों ने FBI से पूछा क्या इस मामले की जांच नस्लीय, जातीय और धार्मिक पूर्वाग्रहों को ध्यान में रखकर की जा रही है?, क्या आरोपी की मदद किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या अन्य संदिग्ध व्यक्तियों ने की थी?, संवेदनशील और संभावित निशाने पर रहने वाले धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए खुफिया जानकारी स्थानीय एजेंसियों के साथ कैसे साझा की जा रही है? और क्या FBI के पास हिंदू-विरोधी और दक्षिण एशियाई-विरोधी पूर्वाग्रहों से जुड़े खतरों से निपटने के लिए पर्याप्त भाषा विशेषज्ञ, स्टाफ और संसाधन मौजूद हैं?
सांसदों ने FBI से आग्रह किया है कि वे सभी संबंधित सबूतों की जांच करें, अपराधों के लिए उचित कार्रवाई करें और यह बताएं कि प्रभावित समुदायों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- 2 साल से रच रहा था भारतीयों को मारने की साजिश, 19 साल के अमेरिकी ने हमले के लिए मंदिर ही क्यों चुना?
