विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिकी संसद में ईरान युद्ध खत्म करने के लिए तीसरी बार मतदान, ट्रंप पर संसदीय मंजूरी का दबाव

Published: Wed, 16 Sep 2026 11:52 PM (IST)

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने ईरान युद्ध समाप्त करने के लिए तीसरी बार मतदान किया, जिसमें राष्ट्रपति ट्रंप से युद्ध जारी रखने हेतु संसदीय मंजूरी लेने का आह्वान किया गया है।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने ईरान युद्ध समाप्त करने के प्रस्ताव पर मतदान किया

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने ईरान युद्ध समाप्त करने के प्रस्ताव पर मतदान किया

HighLights

  1. अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने ईरान युद्ध समाप्त करने के प्रस्ताव पर मतदान किया

  2. ट्रंप को युद्ध जारी रखने के लिए संसदीय मंजूरी लेने का आह्वान

  3. रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव लाया गया

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। ईरान युद्ध खत्म करने के संबंध में अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा में मंगलवार को तीसरी बार मतदान किया गया। इस प्रस्ताव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान युद्ध खत्म करने या उसे जारी रखने के लिए संसद से मंजूरी लेने की बात कही गई है।

यह प्रस्ताव ऐसे समय पारित किया गया है, जब युद्ध को लेकर ट्रंप को अपने ही देश में आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। दोनों दलों के कई नेता ही नहीं बल्कि अमेरिकी वोटर भी उनके कदमों को पसंद नहीं कर रहे हैं। ज्यादातर डेमोक्रेट्स के साथ ही सात रिपब्लिकन सांसदों ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया है।

हालांकि, यह कानूनी रूप से बाध्यकारी नहीं है, लेकिन इसका मकसद यह है कि ट्रंप प्रशासन अपना अभियान रोके या फिर वोटिंग के जरिये संसद से मंजूरी हासिल करे।

ईरान युद्ध समाप्त करने के प्रस्ताव पर मतदान

यह प्रस्ताव 220 मतों से पारित हुआ, जबकि विरोध में 204 मत पड़े। इस बार पहले की तुलना में ज्यादा रिपब्लिकन सांसद डेमोक्रेट सांसदों के साथ युद्ध समाप्त करने के पक्ष में शामिल हुए।

रिपब्लिकन सेठ मोल्टन ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध न केवल विफल रहा है बल्कि उल्टा भी पड़ गया है। मोल्टन और प्रस्ताव के पक्ष में वोटिंग करने वाले रिपब्लिकन सांसदों ने देश के गोला-बारूद के कम होते भंडार, ऊर्जा लागत बढ़ने और ट्रंप के वादों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि गत फरवरी में जब ईरान के खिलाफ बमबारी शुरू की गई थी, तब ट्रंप और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने वादा किया था कि यह अभियान कुछ हफ्ते चलेगा, लेकिन यह इससे कहीं लंबे समय तक खींच चुका है।

हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव

आईएएनएस के अनुसार, रिपब्लिकन सांसद थामस मैसी ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग चलाने के लिए प्रतिनिधि सभा में एक प्रस्ताव पेश किया है। ईरान के खिलाफ युद्ध और उनके आचरण को लेकर यह प्रस्ताव लाया गया है।

मैसी ने मंगलवार को सदन में हेगसेथ पर गंभीर अपराधों और कदाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हेगसेथ ने 1973 के वार पावर रिजोल्यूशन का उल्लंघन किया और ईरान युद्ध में अमेरिकी सेना की भागीदारी को समाप्त करने के संबंध में संसद के निर्देशों को नजरअंदाज किया।