विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका ने तीन मोर्चों पर चीन पर कसा शिकंजा, चिनफिंग-ट्रंप की मुलाकात से पहले ड्रैगन पर क्यों भड़का US?

Published: Thu, 29 Oct 2026 06:47 PM (IST)

ट्रंप प्रशासन ने चीन के खिलाफ तीन मोर्चों पर कड़े कदम उठाए हैं, जिसमें चीनी यात्रियों के लिए वीजा-मुक्त यात्रा ...और पढ़ें

अमेरिका ने चीन पर कसा शिकंजा

अमेरिका ने चीन पर कसा शिकंजा

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। ट्रंप प्रशासन ने एक हफ्ते के भीतर चीन के खिलाफ तीन मोर्चों पर कदम उठाए हैं। अमेरिका के प्रशांत क्षेत्र में चीनी यात्रियों के लिए वीजा-मुक्त यात्रा को खत्म कर दिया है, जबरन श्रम के मुद्दे पर चीन की प्रमुख जीनोमिक्स कंपनियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है और चीन द्वारा वित्तपोषित कैंपस सेंटरों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा करार दिया है।

ये कदम अगले महीने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की संभावित बैठक से पहले उठाए गए हैं।

डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (डीएचएस) ने बुधवार को चीन की तीन कंपनियों बीजीआइ जीनोमिक्स, एमजीआइ टेक और शेन्जेन बीजीआइ टेक्नोलाजी (जिन्हें सामूहिक रूप से बीजीआइ ग्रुप के नाम से भी जाना जाता है) को उइगर फोर्स्ड लेबर प्रिवेंशन एक्ट की एंटिटी लिस्ट में शामिल कर लिया है।

डीएचएस ने बताया कि 29 अक्टूबर से, यूएस कस्टम्स एंड बार्डर प्रोटेक्शन यह मानकर चलेगा कि इन तीन कंपनियों द्वारा बनाए गए सामानों का अमेरिका में प्रवेश प्रतिबंधित है, जब तक कि यह गलत है इसे लेकर कोई ठोस सबूत न दिया जाए।

इसके अलावा, 27 अक्टूबर को फेडरल रजिस्टर में प्रकाशित एक डीएचएस नोटिस के जरिए कामनवेल्थ ऑफ द नार्दर्न मारियाना आइलैंड्स इकोनामिक वाइटैलिटी एंड सिक्योरिटी ट्रैवल आथराइजेशन प्रोग्राम को निलंबित कर दिया गया है। इसके तहत, पहले से जांचे-परखे चीनी नागरिकों को बिना वीजा के इन द्वीपों पर जाने की अनुमति थी। यह निलंबन 30 अक्टूबर को दोपहर दो बजे (स्थानीय समय) से लागू होगा और इसमें पहले से जारी की गई अनुमतियां भी शामिल होंगी।

डीएचएस का मानना है कि चीनी नागरिक इस प्रोग्राम का गलत फायदा उठा रहे हैं। इसमें टिनियन और गुआम में सैन्य ठिकानों के पास जासूसी के जोखिम, गुआम में तस्करी और बर्थ टूरिज्म जैसी चिंताओं का हवाला दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2025 में 3,000 से अधिक चीनी नागरिकों ने इस प्रोग्राम का इस्तेमाल किया था।

इससे पहले, रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने घोषणा की थी कि पेंटागन ने विश्वविद्यालयों में मौजूद कन्फ्यूशियस इंस्टीट्यूट्स (चीन द्वारा वित्तपोषित सांस्कृतिक केंद्र) को अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना है।

(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)