'नहीं जब्त हुई अंडरवाटर ड्रोन पनडुब्बी', अमेरिका ने खारिज किया ईरान का दावा
अमेरिकी सेना ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में उन्नत अमेरिकी पनडुब्बी वाहन 'रेमस 600' को जब्त करने के दावे को खारिज कर दिया है।
-1790529412571_m.webp)
ईरान के अमेरिकी अंडरवाटर ड्रोन जब्त करने के दावे को अमेरिका ने किया खारिज (फोटो- रॉयटर्स )
HighLights
अमेरिकी सेना ने ईरान के ड्रोन जब्त करने के दावे को नकारा।
ईरान ने होर्मुज में 'रेमस 600' ड्रोन जब्त करने का दावा किया।
सेंटकॉम: अमेरिकी ड्रोन पर पूर्ण नियंत्रण, ईरान का दावा हताशापूर्ण।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी सेना ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) के उन दावों को खारिज कर दिया है कि उसने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में निगरानी कर रहे एक उन्नत अमेरिकी पनडुब्बी वाहन को जब्त कर लिया है।
दरअसल, ईरान के आईआरजीसी ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जासूसी के आरोप में अमेरिका के दूसरे उन्नत मानवरहित पनडुब्बी वाहन 'रेमस 600' को जब्त करने का दावा किया था।
आईआरजीसी के अनुसार, यह कार्रवाई सैन्य खुफिया और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमताओं के एक जटिल अभियान के तहत की गई।
हालांकि, अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने ईरान के इन दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। सेंटकॉम के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा कि अमेरिका के पास अपने सभी परिचालन ड्रोन संसाधनों पर पूर्ण नियंत्रण है और ईरान का यह बयान महज 'हताशापूर्ण' प्रयास है।
बता दें कि इससे पहले भी इस महीने की शुरुआत में ईरान ने एंडुरिल कंपनी द्वारा निर्मित अमेरिकी स्वायत्त जलमग्न वाहन 'डाइव-एलडी' को पकड़ने का दावा किया था, जिसे पेंटागन ने पुराना और खराब हुआ मॉडल बताया था।
ईरान ने क्या किया था दावा?
ईरान की तेहरान नौसेना ने सरकारी मीडिया के माध्यम से एक आधिकारिक बयान जारी कर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ईरानी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश द्वार पर अमेरिकी सेना की अत्याधुनिक मानवरहित पनडुब्बी को सफलतापूर्वक घेर लिया है।
अमेरिका ने क्या कहकर किया खारिज?
वहीं, ईरान के इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) के प्रवक्ता ने स्थिति को खारिज कर दिया। पेंटागन ने स्पष्ट किया कि पानी के भीतर चलने वाला यह ड्रोन एक दिन से भी अधिक समय पहले ही तकनीकी रूप से खराब हो गया था और यह केवल जारी अभियानों के तहत क्षेत्रीय जलक्षेत्र का सामान्य सर्वेक्षण कर रहा था।
प्रवक्ता के मुताबिक, यह एक पुराना मॉडल था जिसमें न तो कोई संवेदनशील डेटा एकत्र किया जा रहा था और न ही कोई गोपनीय सोनार या रडार उपकरण लगे हुए थे।
