अमेरिका में लापता भारतीय बच्ची का पिता गिरफ्तार
शेरीन, वेस्ले की गोद ली हुई बेटी है। वह शारीरिक विकास संबंधी समस्या से ग्रसित है और उसे बात करने में दिक्कत होती है।
ह्यूस्टन, प्रेट्र । अमेरिका के रिचर्डसन में एक बच्ची का शव मिलने के बाद तीन साल की भारतीय बच्ची शेरिन मैथ्यू के पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि बरामद शव शेरिन का ही है या नहीं।
रिचर्डसन पुलिस के अनुसार, 37 वर्षीय वेस्ली मैथ्यू को बच्ची के लापता होने के बारे में दूसरी कहानी सुनाने के बाद गिरफ्तार किया गया। उस पर बच्ची को लेकर घोर अपराध करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में उसे उम्रकैद या पांच से 99 साल तक की सजा हो सकती है। केरल के रहने वाले वेस्ली ने शेरिन को दो साल पहले बिहार के एक अनाथालय से गोद लिया था।
उसने पहले यह दावा किया था कि दूध नहीं पीने पर सात अक्टूबर की रात तीन बजे शेरिन को सजा देने के लिए घर के बाहर खड़ा कर दिया था। इसके बाद वह लापता हो गई थी। रिचर्डसन पुलिस ने सोमवार को आशंका जताई थी कि एक पुलिया के नीचे से बरामद बच्ची का शव शेरिन का हो सकता है। अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस ने खोजी कुत्तों की मदद से शव की खोज की थी। जिस पुलिया के नीचे से शव मिला है वह जगह शेरिन के घर से करीब एक किमी की दूरी पर है।
यह भी पढ़ें: जापान ने चेताया, उत्तर कोरिया से खतरा पहुंच चुका है बेहद नजदीक