अमेरिका ने अपने नागरिकों को दी भारत यात्रा नहीं करने की सलाह, जारी की ट्रैवेल एडवाइजरी
अमेरिका ने अपने नागरिकों को कोरोना के मामलों में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए भारत की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। इसके साथ ही पाकिस्तान बांग्लादेश अफगानिस्तान और मालदीव की यात्रा को लेकर भी अमेरिका ने परामर्श जारी किया है।
वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका ने अपने नागरिकों को कोरोना के मामलों में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए भारत की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। इसके साथ ही पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और मालदीव की यात्रा को लेकर भी अमेरिका ने परामर्श जारी किया है। एक के बाद एक सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए अधिकारियों ने अमेरिकी नागरिकों से चीन और नेपाल की यात्रा पर भी पुनर्विचार करने को कहा है।
भारत के अलावा इन देशों में भी नहीं जाने की सलाह
भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और मालदीव को लेवल चार में रखा गया है। इसका मतलब है कि अमेरिका के लोगों को इन देशों की यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है। विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया, कोरोना, अपराध और आतंकवाद को देखते हुए भारत की यात्रा मत कीजिए। कुछ दिन पहले रोग नियंत्रण और उन्मूलन केंद्र ने भी इसी तरह का परामर्श जारी किया था।
कनाडा ने यात्री विमानों पर प्रतिबंध लगाया
कनाडा सरकार ने भारत और पाकिस्तान से आने वाली सभी यात्री उड़ानों पर 30 दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। परिवहन मंत्री उमर अलगब्रा ने बताया कि यह प्रतिबंध गुरुवार आधी रात से प्रभावी हो गया। उन्होंने कहा कि यह कनाडा द्वारा किसी देश के खिलाफ लगाया गया सबसे लंबा यात्रा प्रतिबंध है।
ब्रिटेन में कोरोना रेड लिस्ट यात्रा प्रतिबंध लागू
ब्रिटेन में भारत के लिए रेड लिस्ट कोरोना यात्रा प्रतिबंध शुक्रवार से लागू हो गया। इसके तहत ब्रिटेन और आयरलैंड के नागरिकों और देश में लंबे समय से निवास कर रहे लोगों को घर लौटने पर 10 दिनों तक क्वारंटाइन में रहना होगा। इस बीच, अधिकारियों ने कथित भारतीय वैरिएंट के 55 और मामले मिलने की पुष्टि की है।