अमेरिका-रूस के बीच बढ़ रहा तनाव, गुतेरस ने जताई 'शीत युद्ध' की आहट पर चिंता
अमेरिका ने जो रूसी राजनयिक निष्कासित किए हैं, उनमें से 12 संयुक्त राष्ट्र में तैनात थे। इन पर रूस के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया गया है।
संयुक्त राष्ट्र, पीटीआइ। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतेरस ने दुनिया में फिर से शीत युद्ध काल शुरू होने की आशंका पर चिंता जताई है। अमेरिका और रूस के बीच बढ़ रहे तनाव को दूर करने के लिए महासचिव ने दोनों के बीच नियमित और प्रभावी संवाद की जरूरत बताई है।
गुतेरस का यह बयान अमेरिका द्वारा इसी सप्ताह 60 रूसी राजनयिकों को देश निष्कासित करने और उसके जवाब में रूस के गुरुवार को इतने ही अमेरिकी राजनयिक निष्कासित करने के कदम के बाद आया है। दोनों देशों ने एक-एक वाणिज्य दूतावास बंद करने का भी आदेश दिया है। अमेरिका ने यह कदम ब्रिटेन में पूर्व रूसी जासूस सर्गेई स्कि्रपल पर हुए केमिकल अटैक के विरोध में उठाया है।
अमेरिका ने जो रूसी राजनयिक निष्कासित किए हैं, उनमें से 12 संयुक्त राष्ट्र में तैनात थे। इन पर रूस के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया गया है। संयुक्त राष्ट्र के न्यूयॉर्क स्थित मुख्यालय में कानून व्यवस्था को लेकर अमेरिकी नियम ही चलते हैं। गुतेरस संयुक्त राष्ट्र में संवाददाताओं के सवालों के जवाब दे रहे थे।
उल्लेखनीय है कि सन 1950 से 1990 तक दोनों महाशक्तियों के बीच शीत युद्ध जैसी स्थितियां थीं। अमेरिका और सोवियत संघ एक-दूसरे को पीछे करने की कोशिश में जुटे रहते थे। एक बार फिर ऐसी ही शीत युद्ध की स्थिति बनती नजर आ रही है, जिसकी ओर संयुक्त राष्ट्र ने इशारा किया है।