ईद पर संयुक्त राष्ट्र का संदेश, कोरोना के दौर में एकजुटता और एकता का किया आह्वान
उन्होंने अपने संदेश में COVID-19 महामारी के संदर्भ में लोगों से एकजुटता और एकता का आह्वान किया है।
संयुक्त राष्ट्र, आइएएनएस। मुस्मिलों के प्रसिद्ध त्यौहार ईद में अब कुछ ही दिन बाकी बचे हैं। ईद के मौके पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतेरस ने लोगों को संदेश दिया है। उन्होंने अपने संदेश में COVID-19 महामारी के संदर्भ में लोगों से एकजुटता और एकता का आह्वान किया है। उन्होंने शुक्रवार को सदस्य राज्यों के साथ एक चर्चा में कहा, "हमारी दुनिया एक शरीर की तरह है। जब तक इस वायरस से एक हिस्सा प्रभावित होता है, हम सभी प्रभावित होते हैं। अब पहले से कहीं अधिक एकजुटता और एकता हमारे प्रमुख सिद्धांत होने चाहिए।"
उन्होंने विकासशील देशों और कमजोर लोगों पर ध्यान केंद्रित करने के साथ, विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्देशित बड़े पैमाने पर, समन्वित और व्यापक स्वास्थ्य प्रतिक्रिया के लिए एकजुटता का आह्वान किया है। उन्होंने संकट के विनाशकारी सामाजिक-आर्थिक आयामों से निपटने में एकजुटता का आह्वान किया है और इस दौर में सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले- महिलाओं, वृद्धों, बच्चों, कम वेतन पाने वालों और अन्य योग्य समूहों को प्राथमिकता देने को कहा है।
गुतेरस ने जातीय-राष्ट्रवाद, किसी समुदाय को लक्षित करने वाले भाषणों के खिलाफ एकजुटता का आह्वान किया है। उन्होंने कहा, "जैसा कि ईद दुनिया भर के लाखों मुसलमान मनाते हैं, हमें रमजान से एकता और एकजुटता के आपसी सम्मान और समझ के साथ, दया और करुणा का पाठ सीखना चाहिए। आइए हम सब से ऊपर, इस बात को पहचानें कि हम एक शरीर, एक दुनिया और एक संयुक्त राष्ट्र हैं।"
कोरोना के 51 लाख से ज्यादा मामले
जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक दुनियाभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 51 लाख से ऊपर पहुंच चुकी है। वहीं मरने वालों का आंकड़ा 3 लाख को पार कर गया है। हालांकि 19 लाख से ज्यादा लोग इस वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। कोरोना का सबसे ज्यादा असर अमेरिका में देखने को मिल रहा है यहां संक्रमितों की संख्या 15 लाख से ज्यादा है जबकि मरने वालों का आंकड़ा 94 हजार से ऊपर पहुंच चुका है।