'फोटो में भले गुस्सा दिखे, लेकिन हम दोस्त हैं'; ट्रंप ने शेयर की किम जोंग के साथ पुरानी तस्वीर
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर किम जोंग उन के साथ अपनी पुरानी तस्वीर साझा करते हुए मजबूत संबंधों का दावा किया है।

ट्रंप ने किम जोंग उन संग पुरानी तस्वीर साझा की

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा की है।
ट्रंप ने लिखा कि भले ही इस फोटो में वे दोनों गंभीर और गैर-दोस्ताना दिख रहे हों, लेकिन किम जोंग उन के साथ उनके संबंध बेहद मजबूत और बेहतरीन हैं। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां और बयानबाजी तेज हो गई हैं।
सैन्य अभ्यास से पहले टिप्पणी
यह टिप्पणी अमेरिका और दक्षिण कोरिया के 17 से 27 अगस्त तक आयोजित होने वाले वार्षिक उल्ची फ्रीडम शील्ड सैन्य अभ्यास से ठीक पहले आई है। उत्तर कोरिया हमेशा से इन संयुक्त अभ्यासों का कड़ा विरोध करता रहा है और इन्हें अपने खिलाफ युद्ध की तैयारी और उकसावे की कार्रवाई मानता है।
परमाणु गठबंधन का आरोप और मिसाइल परीक्षण
उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के बीच बढ़ते त्रिपक्षीय रक्षा सहयोग पर गंभीर चिंता जताई है। उत्तर कोरियाई प्रवक्ता के अनुसार, यह त्रिपक्षीय सहयोग अब एक परमाणु गठबंधन का रूप ले रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा खतरे का स्तर बढ़ता है, तो उत्तर कोरिया भी नए और अधिक आक्रामक स्तर पर इसका मुकाबला करेगा। उनका कहना था कि इस बार के सैन्य अभ्यास पिछले पांच वर्षों के अभ्यासों की तुलना में अलग और आधुनिक युद्ध रणनीतियों पर आधारित हैं।
जमीनी स्तर पर भी दिख रहा तनाव
दोनों देशों के बीच तनाव का असर जमीनी स्तर पर भी दिखाई दे रहा है। उत्तर कोरिया ने 12 अगस्त को पूर्वी सागर (जापान सागर) की ओर एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया, जो एक हफ्ते के भीतर उनका दूसरा मिसाइल परीक्षण था।
दक्षिण कोरियाई सेना ने इसे बैलिस्टिक मिसाइल करार दिया, जबकि अमेरिकी प्रशासन ने इसे मिसाइल लॉन्च के रूप में दर्ज किया।
इस तरह एक तरफ जहां ट्रंप अपने और किम के निजी संबंधों की दुहाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अमेरिका के सैन्य अभ्यासों और उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षणों से क्षेत्र में रणनीतिक तनाव बना हुआ है।
