गुटेरेस ने इंडोनेशिया सुनामी के पीड़ितों के प्रति जताई संवेदना
संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस ने पीड़ितों के परिवारों, इंडोनेशिया सरकार और यहां के लोगों के प्रति संवेदना जताई।
संयुक्त राष्ट्र, आइएएनएस। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इंडोनेशिया की सुंडा खाड़ी में आई सुनामी में मारे गए लोगों और घायलों को लेकर संवेदना जताई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, गुटेरेस ने पीड़ितों के परिवारों, इंडोनेशिया सरकार और यहां के लोगों के प्रति संवेदना जताई।
उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की भी कामना की। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के कार्यालय से रविवार को जारी बयान के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र इंडोनेशिया के नेतृत्व में चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यो में मदद के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने के कारण आई सुनामी ने भारी तबाही मचाई है। रिपोर्ट्स के अनुसार इस त्रासदी में 281 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक हजार लोग घायल बताए जा रहे हैं। काफी लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
पीएम मोदी ने दिया मदद का भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इंडोनेशिया में आई भीषण सुनामी पर दुख जताया है। उन्होंने राहत कार्यो में मदद का भरोसा भी दिया है। मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'इंडोनेशिया में सुनामी के कारण लोगों की मौत और तबाही से दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। भारत अपने समुद्री पड़ोसी इंडोनेशिया को राहत कार्यो में मदद के लिए तत्पर है।'