दक्षिण चीन सागर के करीब से गुजरे अमेरिका के दो युद्धपोत
बताया जा रहा है कि अमेरिका ने दक्षिण चीन सागर में अपने युद्धपोत भेजने की योजना कई महीने पहले बना ली थी।
वाशिंगटन, रायटर। अमेरिका के दो आधुनिक जंगी जहाज हिगिस और एंटीएतम रविवार को दक्षिण चीन सागर में चीन के एक द्वीप के करीब से गुजरे। चीन को अमेरिका की यह सीधी चुनौती मानी जा रही है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, घातक मिसाइलों से लैस दोनों युद्धपोत पार्सेल द्वीप से करीब 22 किलोमीटर की दूरी से गुजरे।
चीन दक्षिण चीन सागर के 80 फीसद से ज्यादा क्षेत्र पर अपना दावा करता है। ब्रुनेई, मलेशिया, फिलीपींस, ताइवान और वियतनाम भी उस पर अपना हक जताते हैं। अमेरिका नौवहन की स्वतंत्रता का पक्षकार है। इसी नीति के तहत वह चीन के दावे का विरोध करता है।
बताया जा रहा है कि अमेरिका ने दक्षिण चीन सागर में अपने युद्धपोत भेजने की योजना कई महीने पहले बना ली थी। युद्धपोत भेजने से कुछ दिन पहले ही अमेरिका ने संयुक्त सैन्य अभ्यास का चीन को न्यौता दिया था जिसे बाद में रद कर दिया गया। चीन तेजी से दक्षिण चीन सागर का सैन्यीकरण कर रहा है। उसकी विस्तारवादी नीति से भारत सहित ब्रुनेई, मलेशिया, फिलीपींस, ताइवान और वियतनाम चिंतित हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण चीन सागर से प्रत्येक वर्ष 339 लाख करोड़ रुपये का व्यापार होता है।