ट्विटर ने फिर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के ट्वीट पर लगाई चेतावनी
इससे पहले ट्विटर ने मार्च में ट्रंप के उस वीडियो के साथ मैनिपुलेटेड मीडिया की चेतावनी जारी की थी जो उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बिडेन से संबंधित था।
वाशिंगटन, एजेंसियां। ट्विटर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट पर फिर 'मैनिपुलेटेड मीडिया' की चेतावनी लगा दी है। माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ने इस बार यह चेतावनी ट्रंप की तरफ से ट्वीट किए गए एक 'रेसिस्ट बेबी' वीडियो पर लगाई है। इससे पहले ट्विटर ने मार्च में ट्रंप के उस वीडियो के साथ 'मैनिपुलेटेड मीडिया' की चेतावनी जारी की थी जो उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बिडेन से संबंधित था।
ट्रंप ने गुरुवार को यह वीडियो ट्वीट किया। इसमें एक अश्वेत बच्चे के पीछे श्वेत बच्चा भागता दिखाई दे रहा है। इसके परिचय में लिखा था, 'जातिवादी बच्चे से भागता भयभीत बच्चा।' इसके बाद सीएनएन के असली वीडियो को दिखाया जाता है, जिसमें दोनों बच्चे खेल रहे हैं और आपस में गले मिल रहे हैं। और अंत में एक संदेश प्रसारित होता है, 'समस्या अमेरिका नहीं, फेक न्यूज है।' सीएनएन ने मूल वीडियो का इस्तेमाल बच्चों की दोस्ती से संबंधित एक समाचार के लिए किया था।
ट्विटर ने असमान्य कदम उठाते हुए ट्रंप के इस ट्वीट के साथ छेड़छाड़ कर बनाए जाने की चेतावनी जोड़ दी और उसके साथ एक लिंक शामिल कर दिया जो यूजर को उस पेज तक ले जाता है, जहां कई पत्रकार वीडियो को संपादन के जरिये सीएनएन जैसा बनाए जाने की बात कहते हैं। हालांकि, यह वीडियो ट्रंप की टाइमलाइन पर अब भी दिखाई दे रहा है। वीडियो को ट्रंप समर्थक कार्प डोंकटम ने प्रोड्यूस किया है, जिन्हें पिछले साल ट्विटर ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में निलंबित कर दिया था। ट्विटर द्वारा पिछले महीने अपने दो ट्वीट पर फैक्ट चेक चेतावनी लगाए जाने के बाद ट्रंप सोशल मीडिया वेबसाइट पर जमकर बरसे थे। उन्होंने सोशल मीडिया कंपनियों के लिए नया नियामक लाने की चेतावनी भी दी थी।