अमेरिका में सालमोनेला संक्रमण के डर से वापस लिए गए 20 करोड़ अंडे
बाजार में भेजे गए 20 करोड़ से ज्यादा अंडे वापस मंगा लिए गए हैं। यह कदम लोगों के बीमार होने के बाद एहतियात के तौर पर उठाया गया है।
वॉशिंगटन, (एजेंसी)। अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना के इंडियाना स्थित एक फार्म से बाजार में भेजे गए 20 करोड़ से ज्यादा अंडे वापस मंगा लिए गए हैं। यह कदम नौ राज्यों में सालमोनेला बैक्टीरिया संक्रमण के कारण 22 लोगों के बीमार होने के बाद एहतियात के तौर पर उठाया गया है।
अमेरिका में वर्ष 2010 के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में अंडों को वापस लिया जा रहा है। फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के अनुसार, 22 लोगों के बीमार पड़ने के बाद रोज एकड़ फार्म ने खुद ही बाजार से अंडे वापस मंगाने का निर्णय लिया है। आशंका जताई जा रही है कि अंडे सालमोनेला नामक बैक्टीरिया से संक्रमित हैं। इस बैक्टीरिया के कारण बच्चों के जानलेवा संक्रमण की चपेट में आने का खतरा रहता है।
साथ ही यह वयस्कों के प्रतिरोधी तंत्र को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। उत्तरी कैरोलिना स्थित इस फार्म में 30 लाख मुर्गियों से रोजाना करीब 23 लाख अंडों का उत्पादन होता है। ये अंडे विभिन्न ब्रांड के तहत फ्लोरिडा, न्यूयॉर्क, पेंसिल्वेनिया, न्यूजर्सी, वर्जीनिया, कोलोराडो आदि राज्यों में बेचे जाते हैं।