रूस से डीजल खरीद समझौते को लेकर अमेरिका में ही घिरे ट्रंप, रिपब्लिकन सांसद लाएंगे द्विदलीय विधेयक
रूस से डीजल खरीदने के अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के फैसले का अमेरिका में विरोध हो रहा है। रिपब्लिकन सांसद ब्रायन ...और पढ़ें

रूस से डीजल खरीद समझौते को लेकर अमेरिका में ही घिरे ट्रंप। (रॉयटर्स)
HighLights
ट्रंप के रूस से डीजल खरीदने के फैसले का विरोध।
रिपब्लिकन सांसद ब्रायन फिट्जपैट्रिक लाएंगे द्विदलीय विधेयक।
अमेरिकी कांग्रेस के कई नेता फैसले से हैरान, कानून उल्लंघन।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। रूस से डीजल खरीदने के अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के फैसले का अमेरिका में विरोध हो रहा है। रिपब्लिकन सांसद ब्रायन फिट्जपैट्रिक ने रूसी तेल की खरीद के समझौते पर रोक के लिए द्विदलीय विधेयक लाने की घोषणा की है।
उन्हें नेब्रास्का के रिपब्लिकन सांसद डॉन बेकन का भी समर्थन मिला है। हालांकि अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के पास इसे पारित करने के लिए कुछ ही महीने हैं, क्योंकि प्रतिनिधि सभा का कार्यकाल जनवरी में समाप्त हो रहा है। द्विदलीय विधेयक उस प्रस्ताव को कहा जाता है, जिसे किसी देश की दो मुख्य और विरोधी राजनीतिक पार्टियों का साझा समर्थन होता है।
अमेरिका ने रूसी डीजल की बिक्री पर अप्रैल 2027 तक पाबंदी हटाई
ट्रंप ने शुक्रवार को अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से बातचीत के बाद शुक्रवार को घोषणा की थी कि मॉस्को तुरंत अमेरिकी और वैश्विक बाजार को तीन लाख टन से अधिक डीजल की आपूर्ति करेगा। अमेरिका ने रूसी डीजल की बिक्री पर अप्रैल 2027 तक पाबंदी हटा दी है।
फिट्जपैट्रिक ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि रूसी तेल की किसी भी तरह की खरीद रोकने के लिए विधेयक पेश किया जाएगा। इसका नाम ‘रोनाल्ड रीगन पीस थ्रू स्ट्रेंथ एक्ट’ होगा। रिपब्लिकन सांसद डॉन बेकन कांग्रेस के यूक्रेन कॉकस के सह-अध्यक्ष फिट्जपैट्रिक के विधेयक के सह-प्रस्तावक बनेंगे। बेकन ने कहा कि कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
ट्रंप के फैसले से अमेरिकी कांग्रेस के कई नेता हैरान
रूस से डीजल खरीदने के ट्रंप के फैसले से अमेरिकी कांग्रेस के कई नेता हैरान हैं। दरअसल, पिछले महीने ही कांग्रेस ने रूस और ईरान पर प्रतिबंधों से जुड़ा विधेयक भारी बहुमत से पारित किया था।
इस कानून के तहत ट्रंप को रूस पर व्यापक प्रतिबंध लगाने और रूस के तेल एवं गैस के पांच प्रमुख व्यापारिक साझेदारों, जिनमें भारत और चीन भी शामिल हैं, पर शत प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का अधिकार दिया गया था।
सीनेट की विदेश मामलों की समिति की वरिष्ठ सदस्य सीनेटर जीन शाहीन ने कहा, कांग्रेस ने 2022 में रूस से ऊर्जा आयात पर रोक लगा दी थी। अमेरिका के राष्ट्रपति पुतिन से डीजल खरीदने के लिए उस कानून की अनदेखी नहीं कर सकते। कांग्रेस से सलाह-मशविरा करना और औपचारिक समीक्षा प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है।
रिचर्ड ब्लूमेंथल ने ट्रंप के फैसले को शर्मनाक बताया
अमेरिकी सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने ट्रंप के फैसले को शर्मनाक बताया। इस बीच रायटर्स के अनुसार रिपब्लिकन अमेरिकी सीनेटर थाम टिलिस ने कहा, मेरा मानना है कि यह कहने के लिए ठोस आधार है कि राष्ट्रपति कानून का पालन नहीं कर रहे हैं।
अमेरिका के पूर्व उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने रूसी तेल पर से प्रतिबंध हटाने के उनके फैसले को धोखा बताया। अमेरिका के वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने रविवार को फॉक्स न्यूज को बताया कि ट्रंप प्रशासन मौजूदा कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल करके इस डील को आगे बढ़ाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यह समझौता अमेरिकी लोगों के लिए अच्छा है और इससे कीमतें कम होंगी।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
