'समझौता करो या हमला झेलो', अमेरिका की 15 शर्तें खारिज होने के बाद ट्रंप की ईरान को नई धमकी
राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान से अमेरिका और इजरायल के हमलों से बचने के लिए समझौता करने की अपील की है। ...और पढ़ें
-1774540135571_m.webp)
युद्ध के बीच ट्रंप की ईरान को नई धमकी। (रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ईरान से अपील की कि वह अमेरिका और इजरायल की बमबारी को खत्म करने के लिए कोई समझौता करे, वरना उसे अपने देश पर और ज्यादा हमलों का सामना करना पड़ेगा।
व्हाइट हाउस में कैबिनेट की बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा, "ईरान के पास अब मौका है, कि वे अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाओं को हमेशा के लिए छोड़ दें और आगे बढ़ने का एक नया रास्ता अपनाएं।"
हम उनके लिए सबसे बुरा सपना साबित होंगे- ट्रंप
उन्होंने कहा, "हम देखेंगे कि क्या वे ऐसा करना चाहते हैं। अगर वे ऐसा नहीं करते, तो हम उनके लिए सबसे बुरा सपना साबित होंगे। इस बीच, हम उन्हें बस तबाह करते रहेंगे।"
ट्रंप ने यह बात तब कही जब गुरुवार को एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि लगभग चार हफ्तों से चल रही लड़ाई को खत्म करने का वॉशिंगटन का प्रस्ताव "एकतरफा और अनुचित" है, लेकिन कूटनीतिक बातचीत जारी है।
ईरानी अधिकारी बेहतरीन वार्ताकार- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि ईरानी अधिकारी अमेरिका के साथ बातचीत कर रहे हैं और उन्होंने उन्हें समझौता करने के लिए बेताब बताया, लेकिन तेहरान ने इस बात से इनकार किया है। उन्होंने ईरानी अधिकारियों को "बेहतरीन वार्ताकार" भी बताया और कहा कि वह एक ऐसे समझौते की तलाश में हैं जो होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दे और तेहरान की सैन्य महत्वाकांक्षाओं पर रोक लगा दे।
ट्रंप ने संकेत दिया कि हो सकता है कि आखिरकार कोई समझौता न हो पाए। समझौते की संभावनाओं के बारे में उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि हम ऐसा कर पाएंगे या नहीं। मुझे नहीं पता कि हम ऐसा करने को तैयार हैं या नहीं।"
अमेरिका की 15-सूत्रीय शर्तें
- 30 दिनों का युद्धविराम
- नतान्ज, इस्फहान और फोर्डो में ईरान की परमाणु सुविधाओं को नष्ट करना
- भविष्य में कभी परमाणु हथियार विकसित नहीं करेगा।
- ईरान की ओर से परमाणु हथियार विकसित न करने की स्थायी प्रतिबद्धता
- संवर्धित यूरेनियम के भंडार को अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) को सौंपना
- ईरान के परमाणु बुनियादी ढांचे की IAEA द्वारा पूर्ण निगरानी और देश के भीतर यूरेनियम संवर्धन पर रोक
- क्षेत्रीय प्रॉक्सी के लिए ईरान का समर्थन समाप्त करना
- क्षेत्रीय ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर ईरान के हमलों को रोकना
- होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना
- ईरान पर अमेरिका के प्रतिबंधों को हटाना और संयुक्त राष्ट्र के 'स्नैपबैक' तंत्र को समाप्त करना
- ईरान के बुशेहर परमाणु संयंत्र में बिजली उत्पादन के लिए अमेरिका का समर्थन
- ईरान को घरेलू स्तर पर यूरेनियम संवर्धन (Enrichment) रोकने के लिए कहा गया है।
- ईरान की मिसाइलों की संख्या और उनकी रेंज सीमित करने की मांग की है।
- बिजली उत्पादन के लिए सहयोग देने की भी पेशकश की है।
- संयुक्त राष्ट्र के ‘स्नैपबैक मैकेनिज्म’ को समाप्त करने का वादा किया गया
ईरान ने अमेरिका के सामने रखी पांच शर्तें
- हमले और हत्या की घटनाएं बंद हों।
- सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म हो।
- दोबारा युद्ध ना हो, ठोस तंत्र बने।
- युद्ध नुकसान की भरपाई, मुआवजा तय हो।
- होर्मुज जलडमरूमध्य पर अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिले।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
